
नई दिल्ली। तमिल सिनेमा (Tamil cinema)के सुपरस्टार धनुष (Superstar Dhanush)इन दिनों अपनी फिल्मों के साथ-साथ राजनीति में संभावित एंट्री को लेकर भी चर्चा में हैं। साउथ फिल्म इंडस्ट्री(South Film Industry)में एक के बाद एक कलाकारों का राजनीति की तरफ रुख करना अब नई बहस का विषय बन गया है। अभिनेता थलपति विजय (Actor Thalapathy Vijay)के राजनीति में उतरने और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बनने के बाद धनुष को लेकर भी ऐसी अटकलें तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि धनुष भी आने वाले समय में राजनीति में अपनी नई पारी शुरू कर सकते हैं। इसी बीच ऐसी खबरें सामने आईं कि केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी उन्हें समर्थन दे रही है और इसी के जरिए वह राजनीति में कदम रखने की तैयारी कर रहे हैं। अब इन चर्चाओं पर खुद धनुष ने अपनी चुप्पी तोड़ी है और साफ कर दिया है कि उनके पीछे किसी राजनीतिक दल या व्यक्ति का समर्थन नहीं है।
दरअसल धनुष अपनी आगामी फिल्म ओम चैप्टर 1 के ऑडियो लॉन्च कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इसी दौरान उनसे राजनीति में आने और बीजेपी के समर्थन से जुड़ी चर्चाओं को लेकर सवाल उठे। इस पर अभिनेता ने कहा कि उनके बारे में कई तरह की अफवाहें फैलाई जा रही हैं। कुछ लोग दावा कर रहे हैं कि कोई उनके पीछे खड़ा है और कुछ लोग उन्हें समर्थन दे रहे हैं। लेकिन सच्चाई यह है कि उन्हें भगवान का आशीर्वाद प्राप्त है और उनके प्रशंसक तथा जनता उनके साथ हैं। धनुष के इस बयान को उनकी राजनीतिक अटकलों पर पहली बड़ी प्रतिक्रिया के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि उन्होंने राजनीति में आने की संभावनाओं को लेकर कोई स्पष्ट घोषणा नहीं की है।
धनुष की राजनीति में दिलचस्पी को लेकर चर्चाएं उस समय और तेज हो गईं जब उन्होंने अपने फैन क्लब को सामाजिक और जनकल्याणकारी संगठन का रूप देना शुरू किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक उनके समर्थकों के संगठन का नाम नारपनी अय्यक्कम रखा गया है। इस संगठन के जरिए तमिलनाडु के सभी 234 विधानसभा क्षेत्रों में छात्रों के लिए शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना बनाई जा रही है। इसके तहत 10वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए एयर कंडीशंड ट्यूशन सेंटर खोले जाने की तैयारी है।
बताया जा रहा है कि इन केंद्रों पर विद्यार्थियों को पढ़ाने के लिए तीन शिक्षक और एक सहायक नियुक्त किए जाएंगे। इन कर्मचारियों का वेतन भी संगठन की ओर से दिया जाएगा। इस योजना की शुरुआत अगले साल जनवरी से किए जाने की संभावना जताई गई है। इसी तरह की सामाजिक गतिविधियों को देखते हुए धनुष की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं।
धनुष के इस कदम की तुलना तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलपति विजय से भी की जा रही है। विजय ने राजनीति में आने से पहले अपने प्रशंसकों के संगठन के जरिए सामाजिक और शैक्षणिक गतिविधियां शुरू की थीं। बाद में उन्होंने अपनी राजनीतिक पार्टी बनाई और चुनावी राजनीति में उतर गए। अब धनुष के संगठनात्मक बदलाव और शिक्षा से जुड़ी योजनाओं को भी इसी नजरिए से देखा जा रहा है।
धनुष की आगामी फिल्म ओम चैप्टर 1 भी चर्चा में है। यह फिल्म 20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इसमें धनुष के साथ ममूटी साई पल्लवी और श्रीलीला भी नजर आएंगी। फिलहाल अभिनेता ने बीजेपी के समर्थन से जुड़ी खबरों को खारिज करते हुए अपने प्रशंसकों और जनता को अपना सबसे बड़ा सहारा बताया है। लेकिन राजनीति में उनकी एंट्री होगी या नहीं इस पर अभी कोई आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved