
डेस्क: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का हाल ही में दिया गया एक इंटरव्यू खूब सुर्खियां बटोर रहा है. CBS के ’60 मिनट्स’ शो में जब पत्रकार रॉस डौथैट ने उनसे जीवन और मृत्यु को लेकर सवाल पूछे, तो ट्रंप ने कहा वह नर्क नहीं जाना चाहते हैं. वह एक धार्मिक इंसान हैं, इसलिए उन्हें उम्मीद है कि वह स्वर्ग ही जाएंगे.
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के दौरन अमेरिका में उनकी पार्टी रिपब्लिकन के कई नेताओं पर जानलेवा हमले हुए, जिनमें वे सुरक्षित बच गए. रविवार को हुए इस इंटरव्यू के दौरान, जब पत्रकार ने ट्रंप से पूछा कि क्या इन जानलेवा हमलों से बचने के बाद, अपनी मृत्यु को लेकर उनके नजरिए में कोई बदलाव आया है?
इसके बाद उन्होंने सीधा सवाल किया कि आपके हिसाब से मरने के बाद क्या होता है? इस पर राष्ट्रपति ट्रंप ने कुछ पल सोचा और कहा कि खैर, मुझे उम्मीद है कि लोग मुझे याद करेंगे. डोनाल्ड ट्रंप ने आगे कहा कि मैं एक धार्मिक व्यक्ति हूं, इसलिए सिद्धांत के अनुसार, मुझे स्वर्ग जाना चाहिए. मुझे यही उम्मीद है. मैं नर्क नहीं जाना चाहता.
इंटरव्यू के दौरान पत्रकार ने इसके आगे ट्रंप से एक दिलचस्प सवाल किया. पूछा कि अगर आप स्वर्ग में जाएंगे तो क्या अपने विरोधियों को माफ कर पाएंगे. पत्रकार ने पूछा कि मान लीजिए कि आपका निधन हो जाता है और आप अगले जीवन में प्रवेश करने वाले हैं. स्वर्ग में जाने के लिए आपको बस इतना करना है कि आप जेम्स कोमी, नैन्सी पेलोसी और उन सभी लोगों के लिए अपने मन में प्यार और क्षमा की भावना रखें, जिनसे आपने पिछले कुछ वर्षों में नफरत की है. क्या आपको लगता है कि आप ऐसा कर सकते हैं?
इस पर ट्रंप ने जवाब दिया कि इसका जवाब है- नहीं. मैं ईमानदारी से कह रहा हूं, नहीं. मैं शायद ऐसा नहीं कर पाऊंगा, क्योंकि मैं अपने कुछ दुश्मनों से नफरत करता हूं और हमेशा करता रहूंगा.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बताया कि उनसे सबसे ज्यादा पूछे जाने वाले सवालों में UFO (अनआइडेंटिफाइड फ्लाइंग ऑब्जेक्ट्स) से जुड़े सवाल भी शामिल हैं. उन्होंने कहा कि अपने पहले और दूसरे कार्यकाल के दौरान उनकी मुलाकात वायु सेना के कई अनुभवी पायलटों से हुई थी. इन पायलटों ने उन्हें UFO से जुड़ी कुछ ऐसी बातें और किस्से सुनाए, जिन्हें सुनकर वह हैरान रह गए. ट्रंप के मुताबिक, ये सभी पायलट बेहद भरोसेमंद और अनुभवी थे. वे ऐसे लोग नहीं थे, जो बिना किसी आधार के साजिश की कहानियों पर यकीन करते हों.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved