
बुरहानपुर. मध्य प्रदेश (MP) के बुरहानपुर (Burhanpur) जिले में प्रशासन (administration) की सख्ती और प्रतिबंध के बावजूद पाड़ों (buffalo bulls) की टक्कर का आयोजन किया गया. शाहपुर में करीब 200 साल पुरानी परंपरा के नाम पर आयोजित इस कार्यक्रम में 50 जोड़ी पाड़ों को आपस में भिड़ाया गया. इस नजारे को देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग जुटे. मामला सामने आने के बाद पुलिस ने मेला समिति के पदाधिकारियों समेत 11 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है.
यह आयोजन शाहपुर की सूखी नदी के किनारे किया गया. बताया जाता है कि यहां करीब 200 साल से पाड़ों की टक्कर कराने की परंपरा चली आ रही है. हर साल इस आयोजन को देखने के लिए दूर-दराज के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं. इस दौरान अलग-अलग जोड़ी के पाड़ों को आमने-सामने लाकर उनकी टक्कर कराई जाती है. मुकाबले में जीतने वाले पाड़े के मालिक को मेला समिति की ओर से इनाम देकर सम्मानित किया जाता है.
कलेक्टर के आदेश के बाद भी नहीं रुका आयोजन
इस आयोजन को लेकर प्रशासन पहले ही सख्त रुख अपना चुका था. बुरहानपुर कलेक्टर विवेक कुमार ने प्रशासनिक प्रतिबंध और कार्रवाई के आदेश जारी किए थे. पशु क्रूरता निवारण नियमों और सुरक्षा कारणों से इस तरह पाड़ों की टक्कर कराने पर प्रतिबंध है. इसके बावजूद शाहपुर में आयोजन हुआ और बड़ी संख्या में लोग इसे देखने पहुंचे.
मेला समिति के 11 लोगों पर FIR
प्रतिबंध के बावजूद आयोजन कराए जाने पर शाहपुर पुलिस ने कार्रवाई की है. शाहपुर थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा ने बताया कि मेला समिति के 11 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. इनमें समिति के अध्यक्ष समेत अन्य 9 लोग नामजद हैं. पुलिस अब पाड़ों के मालिकों की सूची तैयार कर रही है. उनकी पहचान होने के बाद उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.
इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है कि जब पशुओं की लड़ाई पर प्रतिबंध है और प्रशासन ने पहले ही आदेश जारी कर रखे हैं, तो फिर इतनी बड़ी संख्या में पाड़ों की टक्कर का आयोजन कैसे हो गया.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved