img-fluid

बांग्लादेश में खसरे से 1,284 मौतें, स्वास्थ्य मंत्री बोले- ‘मुझे फांसी दे दो, मैं जिम्मेदार हूं’

November 10, 2026

ढाका। बांग्लादेश (Bangladesh) में खसरे (Measles) का प्रकोप गंभीर रूप लेता जा रहा है। इस संक्रामक बीमारी (Infectious disease) से अब तक 1,200 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें बड़ी संख्या मासूम बच्चों (Children) की है। लगातार बढ़ती मौतों के बीच स्वास्थ्य मंत्री सरदार मोहम्मद सखावत हुसैन ने इसकी जिम्मेदारी खुद लेते हुए कहा कि उन्हें फांसी पर लटका दिया जाए। उन्होंने इसे अपनी नाकामी बताया, हालांकि साथ ही कहा कि उन्होंने स्थिति से निपटने की पूरी कोशिश की है।

बांग्लादेशी समाचार पत्रों ‘कालेर कंठो’ और ‘बांग्लादेश प्रतिदिन’ के मुताबिक, पत्रकारों से बातचीत में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा, ‘ये मेरी जिम्मेदारी है। मुझे फांसी दे दो। ये मेरी नाकामी है। लेकिन मैंने पूरी कोशिश की है। ये मेरी सरकार की नाकामी नहीं है।’

उन्होंने भारत से टीकों की आपूर्ति को लेकर किए जा रहे दावों को भी खारिज किया। मंत्री के मुताबिक, कुल टीकों में से केवल 8 प्रतिशत भारत से आए हैं। बाकी टीके जर्मनी, जापान, ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन, दक्षिण कोरिया और इंडोनेशिया से मंगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि इन टीकों की विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने जांच की है और UNICEF ने उनकी आपूर्ति की है। मंत्री के अनुसार, संक्रमित बच्चों में ज्यादातर छह महीने से कम उम्र के हैं और उन्हें खसरे का टीका नहीं लगा था।

पूर्व यूनुस सरकार पर टीकाकरण में लापरवाही का आरोप
दूसरी ओर, प्रधानमंत्री तारिक रहमान के नेतृत्व वाली BNP सरकार ने खसरे के मौजूदा संकट के लिए पूर्व अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस के प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है।

‘द डेली स्टार’ के मुताबिक, स्वास्थ्य राज्य मंत्री एमए मुहित ने कहा कि यूनुस प्रशासन की लापरवाही के कारण राष्ट्रीय स्तर पर समय पर टीकाकरण अभियान नहीं चलाया जा सका। इसके अलावा आपातकालीन टीकों का भंडार भी खत्म हो गया था।


  • मुहित ने बताया कि जांच में सामने आया है कि वर्ष 2024 के आखिर या 2025 की शुरुआत में प्रस्तावित राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान तत्कालीन सरकार ने आयोजित नहीं किया था। स्वास्थ्य मंत्रालय के पास आपात स्थिति के लिए टीकों का पर्याप्त स्टॉक भी नहीं था।

    उन्होंने कहा कि वर्ष 2020 के बाद से देश में बड़े पैमाने पर टीकाकरण अभियान नहीं चलाया जा सका। वर्ष 2024 में राजनीतिक अशांति के कारण अभियान अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया गया था। इस पूरे मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय आयोग गठित किया गया है।

    आंकड़ों में खसरे का कहर, 1,284 से ज्यादा मौतें
    स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय के आंकड़ों के मुताबिक, 9 नवंबर को समाप्त हुए 24 घंटों में दो और संभावित मौतें दर्ज की गईं। इसके साथ ही खसरे से जुड़ी कुल मौतों का आंकड़ा 1,284 तक पहुंच गया है। इनमें 105 मौतों की प्रयोगशाला जांच में पुष्टि हुई है, जबकि 1,179 मौतें संदिग्ध श्रेणी में हैं।

    देश में अब तक खसरे के 2.4 लाख से अधिक संदिग्ध मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 24,523 मामलों की प्रयोगशाला जांच में पुष्टि हुई है। संक्रमण और मौतों का सिलसिला जारी रहने के बीच सरकार ने अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के सहयोग से आपातकालीन टीकाकरण अभियान शुरू किया है। हालांकि, इसके बावजूद बीमारी पर अब तक प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पाया है।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved