img-fluid

न्यूयॉर्क की जेल में बंद आतंकियों को लेकर बड़ा खुलासा, भेजे रहे थे गुप्त संदेश, ब्रिटिश एयरबेस पर हमले की थी साजिश

November 11, 2026

न्यूयॉर्क। अमेरिका (America) की न्यूयॉर्क (New York) स्थित जेल (Jail) में बंद आतंकवाद (Terrorism) के आरोपी पर जेल के भीतर से ही ईरान समर्थित आतंकियों (Terrorists) तक गुप्त संदेश पहुंचाने का आरोप लगा है। अमेरिकी अभियोजकों के मुताबिक, इन संदेशों के जरिए ब्रिटेन के एक महत्वपूर्ण सैन्य एयरबेस पर हमले की साजिश को आगे बढ़ाया जा रहा था। मंगलवार को सार्वजनिक की गई नई चार्जशीट में इस पूरे नेटवर्क से जुड़े कई खुलासे किए गए हैं। आरोपी की पहचान ईरानी और इराकी नागरिकता रखने वाले मोहम्मद बाकिर साद दाऊद अल-सादी के रूप में हुई है। वह न्यूयॉर्क के ब्रुकलिन स्थित मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर में बंद है।

यह मामला 27 सितंबर को सामने आया था, जब ब्रिटेन के RAF Fairford एयरबेस की ओर जा रही तीन संदिग्ध वैन देखी गई थीं। इसके बाद विस्फोटक और आतंकवादी गतिविधियों से जुड़े संदेह में कई लोगों को हिरासत में लिया गया था। पश्चिमी इंग्लैंड में स्थित इस एयरबेस पर अमेरिकी वायुसेना के बमवर्षक विमान तैनात थे। अमेरिकी अभियोजकों की नई चार्जशीट में दावा किया गया है कि एयरबेस को निशाना बनाने की योजना के पीछे ईरान समर्थित नेटवर्क सक्रिय था।

मां और बहन के जरिए भेजे जा रहे थे संदेश
अमेरिकी अभियोजकों के मुताबिक, अल-सादी जेल में रहते हुए अपनी मां और बहन से फोन तथा वीडियो कॉल के जरिए संपर्क में था। दोनों इराक में रहती हैं। आरोप है कि वह सामान्य बातचीत और कोड भाषा का इस्तेमाल कर अपने सहयोगियों तक निर्देश पहुंचाता था। जांचकर्ताओं का दावा है कि वह आतंकवादी गतिविधियों के लिए ‘वर्क’ और ‘काम’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल करता था।

चार्जशीट में 30 जुलाई की एक फोन कॉल का उल्लेख है। इसमें अल-सादी ने अपनी बहन से पूछा था कि उनके पुराने काम का क्या हुआ? क्या उसे पूरी तरह रद्द कर दिया गया है या फिलहाल रोक दिया गया है? अभियोजकों के अनुसार, बहन ने जवाब दिया कि काम रद्द नहीं हुआ है। जांच एजेंसियों का आरोप है कि इस तरह की बातचीत के जरिए अल-सादी जेल में रहते हुए भी हमले की योजना से जुड़े लोगों के संपर्क में बना हुआ था।

इसके बाद 24 सितंबर को हुई एक अन्य कॉल में उसने मोहसेन मोहाजेरी के बारे में पूछा। उसे बताया गया कि मोहाजेरी को ‘इंटरनेशनल सेक्शन’ में भेज दिया गया है। इस पर अल-सादी ने परिवार से उसे पैसे देने को कहा, ताकि वे अपना काम कर सकें। अमेरिकी अभियोजकों ने इन बातचीत को हमले की साजिश से जोड़ते हुए नए आरोप लगाए हैं। मई में गिरफ्तारी के बाद से अल-सादी को एकांत कारावास में रखा गया था।


  • करीब 20 आतंकी हमलों की साजिश का आरोप
    इस मामले में अल-सादी के अलावा दो अन्य लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। इनमें ईरानी नागरिक मोहसेन मोहाजेरी और इराकी नागरिक मोहम्मद अली अल-हसानी शामिल हैं। हालांकि, दोनों फिलहाल अमेरिकी हिरासत में नहीं हैं। अमेरिकी अभियोजकों का आरोप है कि तीनों ने ईरान समर्थित आतंकवादी नेटवर्क की मदद से यूरोप और अमेरिका में यहूदी समुदायों को निशाना बनाने की साजिश रची थी। अभियोग में करीब 20 आतंकी हमलों की योजनाओं का जिक्र किया गया है।

    अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, इस नेटवर्क के जरिए ब्रिटेन में भी हमले कराने की कोशिश की जा रही थी। अभियोजकों ने आरोप लगाया है कि इसके संपर्क ब्रिटेन में मौजूद लोगों तक फैले हुए थे। नेटवर्क में ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) और कताइब हिज्बुल्लाह से जुड़े तत्व शामिल थे। अमेरिका इन दोनों संगठनों को विदेशी आतंकवादी संगठन घोषित कर चुका है।

    लंदन में यहूदी चैरिटी और सिनेगॉग को निशाना बनाने का आरोप
    अमेरिकी चार्जशीट में लंदन में हुए दो अलग-अलग हमलों का भी उल्लेख किया गया है। अभियोजकों के मुताबिक, अप्रैल के मध्य में अल-सादी, अल-हसानी और मोहाजेरी ने एक व्यक्ति को लंदन स्थित यहूदी चैरिटी संगठन पर आगजनी करने का निर्देश दिया था। आरोप है कि तीनों आरोपी लैपटॉप से वीडियो को बड़ी स्क्रीन पर प्रोजेक्ट कर इस हमले को लाइव देख रहे थे। इस तरह वे हमलावर को निर्देश देने के साथ उसकी गतिविधियों पर भी नजर रख रहे थे।

    अभियोजकों के अनुसार, अगले ही दिन लंदन के एक सिनेगॉग यानी यहूदी उपासना स्थल को निशाना बनाने का निर्देश दिया गया। इस दौरान अल-हसानी ने हमलावर से आग लगाने को कहा था। चार्जशीट में उसके कथित निर्देश के तौर पर ‘लाइट इट अप लाइक अ क्रिसमस ट्री’ यानी क्रिसमस ट्री की तरह रोशन कर दो, वाक्य का उल्लेख किया गया है। अमेरिकी जांच एजेंसियों का आरोप है कि ये घटनाएं एक बड़े आतंकवादी नेटवर्क की गतिविधियों का हिस्सा थीं।

    जेल की हर कॉल पर FBI की थी नजर
    अल-सादी को जेल में अपनी मां और बहन से फोन तथा वीडियो कॉल करने की अनुमति थी, लेकिन अदालत में दाखिल दस्तावेजों के मुताबिक, उसकी बातचीत की निगरानी की जा रही थी और FBI कॉल रिकॉर्ड भी कर रही थी। सितंबर में अल-सादी के वकील ने शिकायत की थी कि उसकी कई कॉल बिना किसी स्पष्ट वजह के बीच में काट दी जाती हैं। इसके बाद अमेरिकी सरकार ने अदालत में आशंका जताई कि आरोपी ‘वर्क’ और ‘जॉब’ जैसे शब्दों के जरिए गुप्त संदेश भेज सकता है।

    बाद में अमेरिकी सरकार ने उसकी फोन कॉल की सुविधा सीमित करते हुए महीने में केवल एक घंटे बात करने की अनुमति देने की बात कही। अभियोजकों के मुताबिक, जून से सितंबर के बीच अल-सादी ने जेल से कुल नौ फोन या वीडियो कॉन्फ्रेंस कॉल की थीं। एक कॉल के दौरान उसकी मां ने उसे किसी खास विषय पर बात बंद करने के लिए कहा था। उन्हें आशंका थी कि ऐसा करने पर कॉल खत्म की जा सकती है। अदालत में दाखिल दस्तावेजों के अनुसार, इसके बाद FBI ने वह कॉल काट दी थी।

    अमेरिकी अधिकारियों ने बताया गंभीर सुरक्षा खतरा
    मैनहट्टन के अमेरिकी अटॉर्नी जेमी मैकडोनाल्ड ने कहा कि आरोपियों ने ईरान से जुड़े आतंकवादी संगठनों की ओर से यूरोप और अमेरिका के यहूदी समुदायों के साथ-साथ ब्रिटिश सैन्य एयरबेस को निशाना बनाने की योजनाओं में मदद की। उनके मुताबिक, ईरान और उसके समर्थन वाले आतंकवादी संगठनों से अमेरिका तथा उसके सहयोगियों को होने वाला खतरा काल्पनिक नहीं, बल्कि वास्तविक है।

    अमेरिका के अटॉर्नी जनरल टॉड ब्लांश ने भी कहा कि अमेरिकी सैनिकों की मौजूदगी वाले सैन्य ठिकाने पर आतंकवादी हमला करने की योजना बनाने वालों के खिलाफ अमेरिकी सरकार कानूनी कार्रवाई करेगी। अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में सामने आए आरोप अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरे को दर्शाते हैं। हालांकि, ये सभी आरोप चार्जशीट में लगाए गए हैं और अदालत में इन्हें साबित किया जाना बाकी है।

    ब्रिटेन में छह लोगों की हुई थी गिरफ्तारी
    RAF Fairford एयरबेस से जुड़ी घटना के बाद ब्रिटेन में शुरुआत में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, बाद में सभी को जमानत पर रिहा कर दिया गया। ब्रिटिश अधिकारियों के मुताबिक, इनमें से दो लोगों को बाद में ईरान की खुफिया एजेंसी की मदद करने के संदेह में दोबारा गिरफ्तार किया गया। उनके खिलाफ नेशनल सिक्योरिटी एक्ट के तहत आरोप भी लगाए गए।

    ब्रिटिश अधिकारियों ने इस घटना के तार तेहरान से जुड़े होने की आशंका जताई थी, लेकिन ईरान ने किसी भी तरह की भूमिका से इनकार किया था। घटना के बाद सुरक्षा कारणों से अमेरिका ने RAF Fairford एयरबेस पर तैनात अपने बमवर्षक विमानों को वहां से हटा लिया था और उन्हें वापस अमेरिका भेज दिया गया था। यह एयरबेस लंदन से करीब 160 किलोमीटर पश्चिम में स्थित है। मध्य पूर्व में दशकों से चले आ रहे सैन्य अभियानों के दौरान अमेरिकी बमवर्षकों के लिए इसका इस्तेमाल होता रहा है।

    अल-सादी ने खुद को बताया था युद्धबंदी
    अल-सादी को मई में गिरफ्तार किया गया था। जून में उसने अपने खिलाफ लगाए गए उन आरोपों को स्वीकार नहीं किया था, जिनमें अमेरिका और इजरायल के ईरान के साथ युद्ध के बदले यूरोप में कम से कम 18 हमलों की साजिश रचने का आरोप था। उसने खुद को ‘प्रिजनर ऑफ वॉर’ यानी युद्धबंदी बताया था। इसके बाद से उसे बिना जमानत जेल में रखा गया है।

    अमेरिकी अभियोजकों का आरोप है कि अल-सादी कताइब हिज्बुल्लाह का कमांडर था और जेल में बंद होने के बावजूद अपने नेटवर्क के जरिए आतंकवादी गतिविधियों को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहा था। मंगलवार को सामने आए नए आरोपों पर उसके वकीलों ने तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। फिलहाल अमेरिकी और ब्रिटिश एजेंसियां इस पूरे नेटवर्क तथा उससे जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर रही हैं।

    Share:

  • भोपाल: शराब से मना करने पर परिजनों से विवाद, टंकी से कूदकर युवक ने की आत्महत्या

    Wed Nov 11 , 2026
    भोपाल. राजधानी भोपाल (Bhopal) के गुनगा गांव (Gunga Village) में घरेलू विवाद के बाद एक युवक की पानी की टंकी (water tank) से कूदने पर दर्दनाक मौत हो गई. बताया जा रहा है कि युवक के शराब पीने को लेकर परिवार के सदस्यों ने उसे रोका था. इसी बात को लेकर घर में विवाद हुआ, […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved