
जम्मू। जम्मू-कश्मीर (Jammu and Kashmir) के कुलगाम (Kulgam) स्थित अखरन इलाके में 11 नवंबर को सीआरपीएफ (CRPF) के नाके पर हुई गोलीबारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां लश्कर-ए-तैयबा आतंकी लतीफ भट (Lashkar-e-Taiba Terrorist Latif Bhat) की भूमिका के अलावा कई अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। सुरक्षा एजेंसियां यह मानकर चल रही हैं कि इस घटना के पीछे सीमापार आतंकी गुटों की शह हो सकती है। इन आतंकी गुटों को सीआरपीएफ के सफल अभियानों से बौखलाहट है। यह गुट कश्मीर में नए सिरे से दहशत फैलाने की योजना पर काम कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियां इस हमले और पहले की वारदातों के बीच संभावित कड़ियों को भी जोड़ने का प्रयास कर रही हैं। ताजा हमले में लतीफ की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है। एजेंसियों के अनुसार, कुलगाम का रहने वाला 22 वर्षीय मोहम्मद लतीफ भट लश्कर और उसके मुखौटा संगठनों द रेजिस्टेंस फ्रंट (टीआरएफ ) और कश्मीर रिवोल्यूशनरी आर्मी (केआरए ) से जुड़ा स्थानीय कमांडर है।
इससे पहले लतीफ का नाम 22 जुलाई, 2026 को अनंतनाग के व्यस्त लाल चौक इलाके में हुई पुलिसकर्मी की हत्या के मामले में सामने आया था। इस वारदात में हेड कांस्टेबल अशिक हुसैन कुरैशी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने लतीफ की पहचान की थी। इसके बाद 31 जुलाई को कुलगाम जिले के केलम इलाके में एक ईंट-भट्ठे पर काम करने वाले छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी श्रमिकों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले की जांच में भी लतीफ का नाम सामने आया।
एनआईए भी कुलगाम हमले की जांच में जुटी
दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में सीआरपीएफ चेकपोस्ट पर हुए आतंकी हमले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) भी करेगी। गुरुवार को अधिकारियों ने बताया कि टीम घटनास्थल का दौरा करेगी। इस दौरान टीम फोरेंसिक नमूने और अन्य चीजें इकट्ठा कर सकती है।
आतंकवाद रोधी अभियानों का केंद्र है किश्तवाड़
बता दें कि जम्मू-कश्मीर का किश्तवाड़ इलाका लंबे समय से सेना और सुरक्षाबलों के आतंकवाद रोधी अभियानों का केंद्र है। इलाके के दूरस्थ और दुर्गम जंगलों में बचे हुए आतंकवादियों के सफाए के लिए सुरक्षाबल निरंतर प्रयास कर रहे हैं। जम्मू से लगभग 200 किलोमीटर दूर स्थित किश्तवाड़ में सुरक्षाबलों के सक्रिय अभियानों के बाद कई आतंकवादी मारे गए हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved