सरायकेला। झारखंड (Jharkhand) के सरायकेला जिले (Seraikela district) में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। छोटे भाई की पत्नी के साथ दुष्कर्म (Rape) के बाद उसकी हत्या करने और शव के कुछ अंग काटकर कढ़ाई में भूनने का आरोप महिला के जेठ पर लगा है। घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
मृतका की पहचान जोम्बरो निवासी विश्वासी सोय (47) के रूप में हुई है। आरोपी पैलुश मुंडा (54) रिश्ते में उसका जेठ है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को गांव के बाहर मेला लगा था। इसके साथ ही हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन भी किया गया था। विश्वासी सोय वहां हंडिया बेचने गई थी। शाम को घर लौटते समय वह अपने जेठ पैलुश मुंडा के घर रुक गई।
बताया गया है कि घर पर पैलुश मुंडा और गांव के कुछ अन्य लोगों ने साथ बैठकर शराब पी। देर रात होने और नशे के कारण अन्य लोग अपने-अपने घर चले गए, जबकि विश्वासी वहीं रुक गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घर में महिला को अकेला पाकर आरोपी ने कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वारदात का खुलासा होने के डर से उसकी हत्या कर दी।
शव के अंग काटकर कढ़ाई में भूने
आरोप है कि हत्या के बाद आरोपी ने महिला के शव को गांव के एक नाले में फेंक दिया। इसके बाद उसने शव के कुछ अंग काट लिए और घर के पीछे कढ़ाई में उन्हें भूनने लगा। मंगलवार देर रात कुछ ग्रामीणों ने यह भयावह दृश्य देखा। नाले में महिला का शव मिलने की जानकारी सामने आने के बाद गांव में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने आरोपी को घेरकर पकड़ लिया। उसे रस्सी से बांधकर रातभर अपनी निगरानी में रखा गया। इसके बाद दलभंगा ओपी पुलिस को सूचना दी गई। बुधवार सुबह पुलिस टीम गांव पहुंची, जहां ग्रामीणों ने आरोपी पैलुश मुंडा को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved