नई दिल्ली। पाकिस्तान (Pakistan) के कराची बंदरगाह (karachi port) पर छह भारतीय नाविक (karachi port) पिछले करीब सात महीनों से फंसे हुए हैं। इनमें भारतीय मर्चेंट नेवी (Indian Merchant Navy) के एक चीफ ऑफिसर भी शामिल हैं। नाविकों की स्वदेश वापसी में हो रही देरी और उनके परिजनों की लगातार अपील के बाद भारत सरकार ने इस मामले में पाकिस्तान से राजनयिक सहायता मांगी है। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार, 13 नवंबर को इसकी पुष्टि की।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, नाविकों के फंसे होने का मामला भारत और पाकिस्तान के बीच किसी राजनीतिक या कूटनीतिक विवाद से जुड़ा नहीं है, बल्कि जहाज की मालिक कंपनी और उसके कर्मचारियों के बीच व्यावसायिक विवाद के कारण उनकी वापसी अटकी हुई है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि भारत सरकार कराची में फंसे नाविकों के साथ-साथ उनकी शिपिंग कंपनी और कंपनी के एजेंट के भी लगातार संपर्क में है। इस मामले का समाधान निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। भारत ने पाकिस्तानी पक्ष से कांसुलर और राजनयिक सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध भी किया है।
नाविकों की लंबे समय से जारी परेशानी और उनकी स्वदेश वापसी में हो रही देरी को देखते हुए भारत सरकार ने मामले को राजनयिक स्तर पर उठाया है। अब देखना होगा कि पाकिस्तान की ओर से मिलने वाली सहायता और कंपनी के साथ बातचीत के जरिए नाविकों की घर वापसी का रास्ता कब तक साफ हो पाता है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved