वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) के ईरान पर दोबारा हमला करने की संभावना से इनकार नहीं करने के बयान के बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू (Benjamin Netanyahu) ने तेहरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई फिर शुरू करने के लिए दबाव बढ़ा दिया है। इस बीच इजरायल की खुफिया एजेंसी मोसाद के प्रमुख रोमन गोफमैन वाशिंगटन पहुंचे हैं। उनकी अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए के निदेशक जॉन रैटक्लिफ से मुलाकात प्रस्तावित है। इसके अलावा वह व्हाइट हाउस के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ से बातचीत के लिए मियामी भी जाएंगे।
अमेरिकी समाचार वेबसाइट ‘एक्सियोस’ की रिपोर्ट के अनुसार, गोफमैन शुक्रवार को वाशिंगटन पहुंचे। उनका यह दौरा ऐसे समय हुआ है, जब ईरान के खिलाफ दोबारा युद्ध शुरू करने के मुद्दे पर ट्रंप और नेतन्याहू के बीच मतभेदों की खबरें सामने आई हैं। हालांकि, नेतन्याहू के कार्यालय ने दोनों नेताओं के बीच तीखी बातचीत होने की खबरों को ‘फर्जी’ और ‘पूरी तरह बकवास’ बताते हुए खारिज किया है।
इजरायली मीडिया संस्थान ‘वाईनेट’ की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ट्रंप और नेतन्याहू के बीच हालिया फोन वार्ता काफी तनावपूर्ण रही। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से इसे तीखी बहस बताया गया है। हालांकि, नेतन्याहू के कार्यालय ने इन खबरों का खंडन किया है। इजरायली अधिकारियों ने दोनों नेताओं के बीच फोन पर बातचीत होने की पुष्टि की है।
हर दिन फोन कर रहे नेतन्याहू
‘फाइनेंशियल टाइम्स’ की रिपोर्ट के मुताबिक, नेतन्याहू तेहरान पर हवाई हमले फिर शुरू करने की मांग को लेकर ट्रंप से लगातार संपर्क कर रहे हैं। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि वह इस मुद्दे पर अमेरिकी राष्ट्रपति को रोज फोन कर रहे हैं। दूसरी ओर, ट्रंप फिलहाल ईरान के खिलाफ तत्काल सैन्य कार्रवाई के बजाय आर्थिक दबाव और बातचीत के विकल्प को प्राथमिकता देते दिखाई दे रहे हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, कतर के प्रधानमंत्री के साथ बैठक के बाद ट्रंप ने संकेत दिया कि वह मौजूदा स्थिति बनाए रखना चाहते हैं और आर्थिक दबाव के जरिए ईरान को बातचीत की मेज पर लाने के पक्ष में हैं।
नेतन्याहू समझौते के पक्ष में नहीं
दूसरी ओर, नेतन्याहू ईरान को लेकर सख्त रुख अपनाए हुए हैं। इजरायली संसद नेसेट के उद्घाटन के अवसर पर उन्होंने कहा कि ईरान से पैदा हुए अस्तित्व के खतरे को स्थायी रूप से समाप्त करने का रास्ता अयातुल्ला शासन को सत्ता से हटाना है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब दोनों नेता अपने-अपने देशों में राजनीतिक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। खबर के मुताबिक, नेतन्याहू के नेतृत्व वाले गठबंधन को 120 सदस्यीय नेसेट में 53 सीटों का समर्थन हासिल है, जो बहुमत के लिए जरूरी 61 सीटों से कम है। वहीं, अमेरिका में मध्यावधि चुनाव के बाद ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी कांग्रेस का नियंत्रण खो चुकी है। ऐसे में ईरान को लेकर दोनों देशों के नेतृत्व के बीच रणनीतिक मतभेदों पर नजर बनी हुई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved