
- ठहरे हुए यात्री ने कछुआ छाप अगरबत्ती जलाई थी जिससे हुई घटना
उज्जैन। क्षीरसागर स्थित महामालव औदिच्य ब्राह्मण समाज की धर्मशाला में आज सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब धर्मशाला के 6 नंबर के कमरे से अचानक आग की लपटें और धुआं दिखाई दिया। कमरे में आग देखकर धर्मशाला में ठहरे अन्य लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। कुछ ही देर में दमकल की दो गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
धर्मशाला के मैनेजर ईश्वर शर्मा ने बताया कि धर्मशाला कमरे में गुजरात से आए यात्री ठहरे हुए थे। उन्होंने रात में मच्छरों से बचने के लिए कछुआ छाप अगरबत्ती जलाई थी। कमरे में ठहरा यात्री आज सुबह कमरा खाली कर चले गए। उनके जाने के कुछ देर बाद कमरे से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। आशंका है कि मच्छर अगरबत्ती से ही कमरे में रखे सामान ने आग पकड़ ली। आग की चपेट में आने से कमरे में रखी करीब 10 जोड़ी रजाई और गद्दे जल गए। गनीमत रही कि आग लगने के समय कमरे में कोई मौजूद नहीं था और समय रहते दमकल को सूचना मिल गई। इससे आग को दूसरे कमरों तक फैलने से रोक लिया गया।