
भोपाल। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में आगामी चुनावों को लेकर कांग्रेस ने अभी से कमर कस ली है। संगठन को मजबूत करने और चुनावी मैदान में दमदार उपस्थिति दर्ज कराने के लिए मध्य प्रदेश कांग्रेस ने नगरीय निकाय से लेकर विधानसभा और लोकसभा चुनाव तक के लिए महिला प्रत्याशियों की तलाश शुरू कर दी है। इसी रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए आगामी 17 नवंबर को राजधानी भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय (PCC) में एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है।
सक्रिय महिला नेताओं को मिलेगी चुनावी जिम्मेदारी
पार्टी सूत्रों के अनुसार, आगामी चुनावों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और मजबूत उम्मीदवार तैयार करने के लिए कांग्रेस ने व्यापक कार्ययोजना बनाई है। 17 नवंबर को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में होने वाली इस अहम बैठक में प्रदेश भर से सक्रिय महिला नेताओं को बुलाया गया है, जहां उन्हें संगठन और आगामी चुनावों से जुड़ी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। कांग्रेस ऐसे महिला चेहरों को चिन्हित कर रही है जो संगठन में लगातार सक्रिय हैं, जिनकी जनता के बीच पकड़ है और जो चुनाव लड़ने की पूरी क्षमता रखती हैं। इसके साथ ही पार्टी के वरिष्ठ और सक्रिय नेताओं के परिवार की ऐसी महिलाओं को भी राजनीति में आगे लाने की योजना है, जो सामाजिक और राजनीतिक रूप से सक्रिय हैं।
निकाय चुनाव में आरक्षण की चुनौती से निपटने की तैयारी
दरअसल, पिछले नगरीय निकाय चुनावों के दौरान महिला आरक्षण के चलते कई वार्डों और सीटों पर कांग्रेस को योग्य और जिताऊ महिला उम्मीदवारों की तलाश में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा था। इसी अनुभव से सबक लेते हुए पार्टी इस बार पहले से ही ‘बेंच स्ट्रेंथ’ तैयार करने में जुट गई है।
चरणबद्ध चुनावी रोडमैप
पार्टी का लक्ष्य पहले आगामी नगरीय निकाय चुनाव, फिर 2028 के विधानसभा चुनाव और उसके बाद लोकसभा चुनाव के लिए वार्ड स्तर से लेकर संसदीय क्षेत्र तक मजबूत महिला नेतृत्व तैयार करना है। इस कवायद के जरिए कांग्रेस न केवल आधी आबादी को साधने की कोशिश कर रही है, बल्कि संगठन में भी महिलाओं की निर्णायक भागीदारी सुनिश्चित करना चाहती है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved