
जबलपुर। जबलपुर संभागीय क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित अंतर जिला दो दिवसीय (90-90 ओवर) अंडर-18 बालक वर्ग क्रिकेट प्रतियोगिता 2026-27 में जबलपुर जिले की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। 14 से 15 नवंबर तक ओलंपिक स्टेडियम, ईस्ट लैंड खमरिया में जबलपुर और सिवनी जिले के बीच खेला गया मुकाबला ड्रॉ रहा, लेकिन पहली पारी में 105 रनों की महत्वपूर्ण बढ़त के आधार पर जबलपुर को विजेता घोषित किया गया।
मैच के दूसरे और अंतिम दिन सिवनी की टीम ने दो विकेट पर 57 रनों से आगे खेलना शुरू किया। लंच तक टीम ने पांच विकेट पर 115 रन बना लिए थे। इसके बाद जबलपुर के गेंदबाजों ने शानदार वापसी करते हुए सिवनी की पहली पारी को 146 रनों पर समेट दिया। इस तरह जबलपुर ने पहली पारी में 105 रनों की बढ़त हासिल की। सिवनी की ओर से कप्तान हर्षित ने 60 रनों की शानदार पारी खेली। उन्होंने तनिष्क सिंह (29 रन) के साथ तीसरे विकेट के लिए 70 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की। जबलपुर की ओर से श्लोक दुबे और आरव राजपूत ने तीन-तीन विकेट हासिल किए, जबकि अर्थव ने दो तथा शिवाय, ओजस सेहरा और सक्षम वर्मा ने एक-एक विकेट लिया। मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार ओएफ खमरिया के वरिष्ठ महाप्रबंधक अशोक मीणा ने प्रदान किया। इस अवसर पर पवन सिंधिया, चयन समिति सदस्य विद्यापति श्रीवास्तव, अंपायर संदीप बक्स एवं संदीप बर्मन, स्कोरर प्रहलाद रावत तथा सिवनी के कोच दीपक उपस्थित रहे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved