img-fluid

घाटों पर सजने लगीं छठ की बेदियां

November 14, 2026

  • आज खरना, कल डूबते सूर्य को देंगे अर्घ्य, नहाय-खाय के साथ चार दिनी अनुष्ठान शुरू

जबलपुर। लोक आस्था, प्रकृति और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ श्रद्धा और उल्लास के वातावरण में शुरू हो गया। संस्कारधानी में छठ पर्व की रौनक दिखाई देने लगी है। गौरीघाट, तिलवाराघाट सहित शहर के विभिन्न जलाशयों और पूजा स्थलों पर तैयारियां तेज हो गई हैं। कहीं पूजा की बेदियां सजाई जा रही हैं तो कहीं व्रती परिवार पूजन सामग्री जुटाने में लगे हैं। पर्व की खुशियों में शामिल होने के लिए दूसरे शहरों में रहने वाले लोग भी अपने घर लौट आए हैं। नहाय-खाय के अवसर पर व्रती महिलाओं और पुरुषों ने विभिन्न घाटों पर स्नान कर सूर्य उपासना के इस कठिन अनुष्ठान की शुरुआत की। घरों में विशेष साफ-सफाई के बाद पारंपरिक रूप से लौकी-भात तैयार किया गया। भगवान सूर्य को भोग लगाने के बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण किया। छठ पर्व में शुद्धता और पवित्रता का विशेष महत्व होता है। यही कारण है कि पूजा स्थल से लेकर रसोई और प्रसाद तैयार करने तक हर स्तर पर स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाता है।


  • अधारताल में टोकन से आवंटित की गईं पूजा की बेदियां
    अधारताल तालाब में इस वर्ष छठ पूजा की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित बनाने के लिए नगर निगम ने टोकन व्यवस्था के माध्यम से पूजा स्थलों का आवंटन किया। शुक्रवार सुबह 11 बजे से टोकनधारियों और श्रद्धालुओं की सहायता के लिए सहायता केंद्र शुरू किया गया। यहां नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और उत्तर प्रदेश-बिहार महासंघ के कार्यकर्ता व्रतियों की सहायता करते तथा उनकी समस्याओं का निराकरण करते नजर आए। बेदियों का क्रमबद्ध आवंटन कर पूजा के दौरान अव्यवस्था से बचने की पहल की गई है। इस दौरान उत्तर प्रदेश-बिहार महासंघ के संयोजक डॉ. राजेश जायसवाल, अध्यक्ष बनारसी यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रमाकांत मिश्रा, बृजकिशोर सिंह, बिहारी, अवधेश शर्मा सहित महासंघ के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। महासंघ के पदाधिकारी आयोजन की व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने में सहयोग कर रहे हैं।

    आज खरना, कल अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य
    छठ महापर्व के दूसरे दिन शनिवार को खरना का अनुष्ठान होगा। व्रती दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को गुड़ की खीर और पारंपरिक प्रसाद तैयार कर छठी मईया की पूजा करेंगे। प्रसाद ग्रहण करने के साथ ही उनका 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो जाएगा। रविवार को महापर्व के तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। वहीं सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती व्रत का पारण करेंगे। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्यता और खुशहाली की कामना की जाती है।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved