
जबलपुर। आम जनता की रसोई का बजट एक बार फिर गड़बड़ाने वाला है क्योंकि मध्यप्रदेश में सांची का पैक्ड दूध 4 रुपए प्रति लीटर तक महंगा कर दिया गया है। नई दरें 14 नवंबर से पूरे प्रदेश में प्रभावी हो जाएंगी। जबलपुर सहित भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और बुंदेलखंड दुग्ध संघों ने संयुक्त रूप से कीमतों में वृद्धि का यह बड़ा फैसला लिया है। पैकिंग सामग्री और परिवहन खर्च में लगातार हो रही बढ़ोतरी के कारण यह कदम उठाना पड़ा है। इससे ठीक पहले 12 नवंबर को अमूल ने भी अपने दूध के दाम बढ़ाए थे, जिसके अगले ही दिन 13 नवंबर को सांची प्रबंधन ने भी दरें बढ़ाने का आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है।
वित्तीय संतुलन बनाए रखने को लिया बड़ा फैसला
दुग्ध संघों के अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि उत्पादन से जुड़ी विभिन्न लागतों में भारी इजाफा हुआ है। विशेष रूप से पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और वाहनों के परिवहन व्यय बढऩे से संस्थाओं पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा था। अपनी वित्तीय स्थिति को संतुलित और सुचारू बनाए रखने के लिए उपभोक्ता मूल्य में संशोधन करना बेहद जरूरी हो गया था। इसी मजबूरी के चलते सभी प्रमुख क्षेत्रीय संघों ने सहमति जताते हुए दाम बढ़ाने पर मुहर लगाई है, जिसका सीधा असर अब सामान्य उपभोक्ताओं की जेब पर पडऩा तय माना जा रहा है।
राजधानी के बाजार में सांची की सबसे बड़ी हिस्सेदारी
मध्यप्रदेश के पैकेट बंद दूध के बाजार में सांची ब्रांड का एकतरफा दबदबा कायम है। अकेले राजधानी भोपाल में प्रतिदिन औसतन 3 लाख लीटर सांची दूध की बिक्री होती है, जबकि शहर में खुले दूध की रोजाना खपत 6 से 8 लाख लीटर के बीच बनी हुई है। अन्य प्रमुख ब्रांडों की बात करें तो भोपाल में अमूल की दैनिक खपत लगभग 80 हजार लीटर के आसपास है। इसके अतिरिक्त सौरभ और श्रीधी ब्रांड मिलकर रोजाना करीब 1 लाख लीटर दूध की आपूर्ति करते हैं। इन दोनों ब्रांडों की पहुंच शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों तक भी फैली हुई है, जबकि मदर डेयरी की सप्लाई मुख्य रूप से केवल शहरी सीमाओं तक ही सिमटी हुई है।
अमूल की बढ़ोतरी के बाद बदला बाजार का गणित
बाजार में दूध की कीमतों में उछाल का सिलसिला 12 नवंबर से शुरू हुआ था, जब अमूल ने अपने उत्पादों के दाम 2 से 4 रुपए प्रति लीटर तक बढ़ा दिए थे। इस बदलाव के बाद अमूल गोल्ड का 1 लीटर वाला पैकेट 70 रुपए से बढ़कर 74 रुपए का हो गया था, वहीं अमूल फ्रेश की कीमत भी 57 रुपए से उछलकर 59 रुपए पर पहुंच गई थी। प्रतिस्पर्धी ब्रांड की इस बढ़ोतरी के ठीक 24 घंटे बाद 13 नवंबर को सांची ने भी अपनी नई दरें घोषित कर दीं। अब 14 नवंबर की सुबह से ही प्रदेश भर के बूथों और दुकानों पर ग्राहकों को सांची दूध के लिए अधिक पैसे चुकाने होंगे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved