img-fluid

मोक्ष के ध्येय से जीवन धारा बनती है विकास का आधार: मुनिश्री

November 14, 2026

जबलपुर। विद्या वाटिका में आयोजित प्रवचन सभा में मुनि श्री निष्कम्प सागर जी ने जीवन में संयम, धर्म, धन के सदुपयोग और मानवता की सेवा का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि यदि हम अपने जीवन को नियंत्रित करके चलें, तो जीवन की धारा हमारे विकास का कारण बन सकती है। इसके लिए आवश्यक है कि जीवन में अर्थ और काम का प्रवाह धर्म के नियंत्रण तथा मोक्ष के ध्येय के बीच हो। मुनि श्री ने कहा कि संतों का संदेश है कि धन को केवल संग्रह करने की वस्तु नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का माध्यम बनाना चाहिए।


  • यदि व्यक्ति पुरुषार्थ से धन अर्जित करता है और उसकी आवश्यकताओं के बाद कुछ धन बचता है, तो उसे दीन-दुखियों और जरूरतमंदों की सेवा में लगाना चाहिए। धन का इससे बड़ा सदुपयोग नहीं हो सकता। उन्होंने धन की तुलना नदी से करते हुए कहा कि नदी स्वाभाविक रूप से नीचे की ओर बहती है। यदि वह सही दिशा में बहती है तो समुद्र तक पहुंच जाती है, लेकिन इधर-उधर भटकने पर गंदगी और अव्यवस्था का कारण बनती है। वहीं, नदी पर बांध बनाकर उसके जल को जरूरत के अनुसार प्रवाहित किया जाए तो वही जल अनेक लोगों की पीड़ा दूर करने और उनके जीवन का आधार बनने में सहायक होता है। मुनि श्री ने कहा कि धर्म नियंत्रित अर्थ का आशय यही है कि धन के उपयोग को धर्म, नीति और न्याय के बंधन में रखा जाए तथा उसे वहां लगाया जाए, जहां मानवता को उसकी आवश्यकता है। उन्होंने धन के प्रति अत्यधिक मोह का उदाहरण देते हुए कहा कि एक सेठ के लिए पैसा ही परमेश्वर बन गया था। उसने खूब धन जोड़ा, लेकिन किसी को दो पैसे तक नहीं दिए। एक दिन जब वह तिजोरी में बैठकर नोट गिन रहा था, तभी किसी के आने की आहट सुनकर उसने तत्काल तिजोरी बंद कर ली। ऐसे धन का क्या लाभ, जो न स्वयं के काम आए और न किसी जरूरतमंद के? उन्होंने कहा कि जिस प्रकार नदी के दो किनारे होते हैं, उसी प्रकार जीवन की धारा में अर्थ और काम का प्रवाह भी दो मर्यादाओं के बीच होना चाहिए। एक ओर धर्म का नियंत्रण हो और दूसरी ओर मोक्ष का ध्येय। जब तक नदी अपने किनारों के बीच बहती है, तब तक वह उपयोगी रहती है, लेकिन किनारों का उल्लंघन करने पर बाढ़ और तबाही का कारण बन जाती है। इसी प्रकार जीवन में नियंत्रण और मर्यादा बनी रहे तो सफलता मिलती है, जबकि मर्यादा छोडऩे पर जीवन विनाश की ओर बढ़ सकता है। मुनि श्री ने कहा कि जब व्यक्ति धर्म के माध्यम से अर्थ और काम पर नियंत्रण स्थापित कर लेता है, तब उसका काम भी निष्काम भाव की ओर अग्रसर हो जाता है। प्रवचन सभा में श्रावकगण मिंकू, स्वर्णिम, तनु एवं मोनू जैन सहित अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved