img-fluid

एलन मस्क को भारत में मिलेगी कड़ी टक्कर, जेफ बेजोस और सुनील मित्तल मिलकर बिछाने जा रहे सैटेलाइट इंटरनेट का जाल

November 17, 2026

नई दिल्ली। भारत(India) में सैटेलाइट इंटरनेट(Satellite Internet) सेवाओं का बाजार आने वाले समय में बड़ी प्रतिस्पर्धा (Competition)का गवाह बन सकता है। दुनिया की दिग्गज कंपनियां (Major companies)इस क्षेत्र में अपनी पकड़ मजबूत करने की तैयारी कर रही हैं। इसी बीच जेफ बेजोस की कंपनी अमेजन और सुनील मित्तल के भारती ग्रुप के बीच संभावित साझेदारी की खबर ने टेलीकॉम सेक्टर में हलचल बढ़ा दी है। दोनों कंपनियों के बीच भारत में सैटेलाइट इंटरनेट कारोबार को लेकर बातचीत अंतिम चरणों की ओर बढ़ने की बात कही जा रही है। यदि यह समझौता होता है तो एलन मस्क की स्टारलिंक के सामने एक मजबूत प्रतिस्पर्धी खड़ा हो सकता है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रस्तावित समझौते के तहत भारती ग्रुप भारत में अमेजन की सैटेलाइट कम्युनिकेशन कंपनी अमेजन लियो को जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराने और ग्राउंड गेटवे के प्रबंधन में मदद कर सकता है। इस साझेदारी से अमेजन को भारतीय बाजार में अपनी सेवाएं शुरू करने के लिए स्थानीय स्तर पर मजबूत सहयोग मिलेगा। बताया जा रहा है कि बातचीत का नेतृत्व भारती एयरटेल के एग्जीक्यूटिव वाइस चेयरमैन गोपाल विट्टल कर रहे हैं। हालांकि अभी समझौते की अंतिम शर्तें तय नहीं हुई हैं।

भारती ग्रुप के चेयरमैन सुनील मित्तल पहले ही संकेत दे चुके हैं कि कंपनी सैटेलाइट इंटरनेट के क्षेत्र में अकेले अपना नेटवर्क खड़ा करने के बजाय अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के साथ साझेदारी को प्राथमिकता देगी। भारती ग्रुप की यूटेलसैट वनवेब में भी करीब 18 प्रतिशत हिस्सेदारी है। मित्तल ने इस हिस्सेदारी को बढ़ाकर 30 प्रतिशत तक करने की इच्छा जताई है। हालांकि उनका कहना है कि कंपनी इसमें बहुमत नियंत्रण हासिल करने की कोशिश नहीं करेगी। इससे साफ है कि भारती ग्रुप इस क्षेत्र में साझेदारी के जरिए अपनी स्थिति मजबूत करना चाहता है।

भारत में सैटेलाइट इंटरनेट सेवाएं शुरू करने के लिए कंपनियों को सुरक्षा मंजूरी और स्पेक्ट्रम आवंटन जैसी जरूरी प्रक्रियाओं से गुजरना होगा। रिपोर्ट के अनुसार स्टारलिंक और यूटेलसैट वनवेब जैसी कंपनियों को संबंधित लाइसेंस मिल चुके हैं लेकिन व्यावसायिक सेवाओं की शुरुआत के लिए अन्य मंजूरियां भी जरूरी हैं। ऐसे में अमेजन के लिए भारती ग्रुप के साथ साझेदारी काफी महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। इससे स्थानीय इंफ्रास्ट्रक्चर और नियामकीय प्रक्रियाओं को समझने में मदद मिलने की उम्मीद है।

इस संभावित मुकाबले में सैटेलाइट क्षमता भी अहम भूमिका निभाएगी। रिपोर्ट के मुताबिक अमेजन लियो भारत में 3 टेराबिट प्रति सेकंड क्षमता की मंजूरी मांग रहा है। वहीं स्टारलिंक को 600 गीगाबिट प्रति सेकंड क्षमता की मंजूरी मिली है। दूसरी ओर रिलायंस जियो भी अपने सैटेलाइट नेटवर्क के लिए 3.5 टेराबिट प्रति सेकंड क्षमता हासिल करने की योजना पर काम कर रहा है। इससे संकेत मिलता है कि आने वाले समय में भारत का सैटेलाइट इंटरनेट बाजार बेहद प्रतिस्पर्धी हो सकता है।

अमेजन अपने नेटवर्क के लिए शुरुआती चरण में 3236 लो अर्थ ऑर्बिट सैटेलाइट तैनात करने की योजना बना रहा है। आगे चलकर इनकी संख्या 7700 से अधिक करने का लक्ष्य है। लो अर्थ ऑर्बिट में मौजूद सैटेलाइट के जरिए दूरदराज के इलाकों तक इंटरनेट पहुंचाना आसान हो सकता है। खासकर उन क्षेत्रों में जहां मोबाइल नेटवर्क और फाइबर इंटरनेट की पहुंच सीमित है वहां यह तकनीक उपयोगी साबित हो सकती है।


  • अमेजन और एयरटेल के बीच संभावित समझौता भारतीय ग्राहकों के लिए भी महत्वपूर्ण हो सकता है। इससे भविष्य में इंटरनेट सेवाओं के विकल्प बढ़ने और प्रतिस्पर्धा के कारण कीमतों तथा गुणवत्ता पर सकारात्मक असर पड़ने की उम्मीद है। हालांकि फिलहाल यह बातचीत का मामला है और भारत में सेवाएं शुरू होने की तारीख स्पष्ट नहीं है। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि अमेजन और भारती ग्रुप की साझेदारी कितनी आगे बढ़ती है और स्टारलिंक तथा जियो को इससे कितनी बड़ी चुनौती मिलती है।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved