img-fluid

पराली उठाने मशीनें नहीं पहुंचीं खेतों तक, नाराज किसानों ने सड़क किनारे लगाई आग

November 17, 2026

  • नुनसर में किसानों का धरना, प्रशासन को दी चेतावनी… पराली नहीं उठी तो खेतों में लगा देंगे आग

जबलपुर। खेतों में पराली जलाने से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान और मिट्टी की उर्वरक क्षमता पर पडऩे वाले प्रतिकूल प्रभाव को देखते हुए शासन-प्रशासन लगातार किसानों को पराली नहीं जलाने के लिए जागरूक कर रहा है। इसके लिए पिछले वर्ष जबलपुर जिले में कृषि विभाग और कुछ निजी कंपनियों ने संयुक्त रूप से एक नवाचार भी शुरू किया था। इस पहल के तहत धान की कटाई के बाद खेतों में बचने वाली पराली को विशेष मशीनों के माध्यम से एकत्रित कर खेतों से बाहर ले जाने की व्यवस्था की गई थी, ताकि किसानों को पराली जलाने की मजबूरी न रहे। लेकिन इस वर्ष यह व्यवस्था पटरी से उतरती नजर आ रही है। किसानों का आरोप है कि धान की कटाई का काम शुरू होने के बावजूद पराली एकत्रित करने वाली मशीनें उनके खेतों तक नहीं पहुंच रही हैं। नतीजतन खेतों में बड़ी मात्रा में पराली जमा हो रही है और किसान परेशान हो रहे हैं।



  • इसी समस्या को लेकर पाटन क्षेत्र के ग्राम नूनसर में किसानों का आक्रोश सड़क पर देखने को मिला। नाराज किसानों ने सड़क किनारे धरना देकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रतीकात्मक रूप से एकत्रित की गई पराली में आग लगा दी। किसानों का कहना है कि पिछले साल कृषि विभाग और निजी कंपनियों की मदद से मशीनों के जरिए पराली उठाने की व्यवस्था की गई थी, जिससे उन्हें काफी राहत मिली थी। लेकिन इस बार मशीनों के नहीं पहुंचने से पूरी व्यवस्था प्रभावित हो गई है। धान की कटाई के बाद खेतों में पराली के ढेर लगे हुए हैं और उसे हटाने का कोई इंतजाम नहीं किया जा रहा है। प्रदर्शन कर रहे किसानों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द उनके खेतों में पड़ी पराली को मशीनों के माध्यम से उठवाने की व्यवस्था की जाए। किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे अपने खेतों में पड़ी पराली को आग के हवाले करने के लिए मजबूर होंगे। किसानों का कहना है कि एक ओर शासन उन्हें पराली नहीं जलाने की समझाइश देता है, वहीं दूसरी ओर पराली के निपटान के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली मशीनें ही खेतों तक नहीं पहुंच रही हैं। ऐसे में किसानों के सामने पराली का निपटान करना बड़ी चुनौती बन गया है।

    धान खरीदी केंद्र शुरू नहीं होने पर भी किसानों में नाराजगी
    पराली की समस्या के साथ ही किसानों ने जिले में धान खरीदी की व्यवस्थाओं को लेकर भी नाराजगी जाहिर की। किसानों का कहना है कि मध्यप्रदेश में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, लेकिन जबलपुर जिले में अब तक खरीदी केंद्रों की व्यवस्था नहीं हो पाई है। इसके कारण किसान अपनी उपज बेचने को लेकर असमंजस में हैं। किसानों ने प्रशासन से जल्द से जल्द धान खरीदी केंद्र शुरू कराने और खरीदी की प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित करने की मांग की है। किसानों का कहना है कि एक तरफ खेतों में पराली जमा होने से अगली फसल की तैयारी प्रभावित हो रही है, वहीं दूसरी तरफ धान बेचने के लिए खरीदी केंद्रों का इंतजार करना पड़ रहा है। ऐसे में किसानों को दोहरी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नूनसर में हुए इस विरोध प्रदर्शन के जरिए किसानों ने प्रशासन का ध्यान पराली प्रबंधन और धान खरीदी की व्यवस्थाओं की ओर आकर्षित कराया है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन किसानों की इन मांगों पर कितनी जल्दी कार्रवाई करता है और खेतों से पराली हटाने के लिए मशीनों की व्यवस्था कब तक सुनिश्चित की जाती है।

    Share:

  • पनागर में आठ दिनी श्री समवसरण महामंडल विधान का शुभारंभ

    Tue Nov 17 , 2026
    मुनि संघ के सानिध्य में निकली घटयात्रा, धार्मिक अनुष्ठानों में उमड़ा जैन समाज पनागर। भगवान श्री 1008 शांतिनाथ स्वामी की पावन नगरी पनागर में आठ दिवसीय श्री समवसरण महामंडल विधान का भव्य शुभारंभ हुआ। परम पूज्य संत शिरोमणि आचार्य श्री विद्यासागर महाराज के परम शिष्य मुनिश्री निर्दोष सागर महाराज, मुनिश्री निर्लोप सागर महाराज, मुनिश्री निरुपम […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved