
तराना। किसानों की बदहाल स्थिति अल्पवर्षा के कारण फसलों पर मंडराता संकट, किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर विधायक महेश परमार के नेतृत्व में नगर में विशाल धरना प्रदर्शन कर एसडीएम कार्यालय परिसर में जोरदार पांच घंटे तक विरोध प्रदर्शन किया गया।
इस दौरान वक्ताओं ने क्षेत्र मे अल्प वर्षा से प्रभावित फसलों के लिये नर्मदा जल छोडऩे की मांग, फसल बीमा की लंबित राशि के तुरंत भुगतान करने, सरकारी बैंकों द्वारा कर्ज वसूली पर फिलहाल रोक लगाने व जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने सहित किसान हित की अनेक मांग की। कांग्रेस संगठन के पदाधिकारियों व वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने किसानों की समस्याओं के दिनोदिन बढऩे एवं प्रशासन द्वारा कोई प्रभावी कदम नहीं उठाने को लेकर सरकार की जमकर आलोचना की। क्षेत्र में अभी भी अनेक गांवों को नर्मदा नल जल योजना से नहीं जोड़ा गया है। वंचित ग्रामों को शीघ्र जोडऩे, खेतीहर मजदूरों के लिये भी राहत पैकेज घोषित करने की मांग की गई। विधायक महेश परमार ने भी किसानों के हक में आवाज बुलंद करते हुए समस्याओं के लिये भाजपा सरकार की नाकामी बताते हुए सरकार को आड़े हाथों लिया। महेश परमार ने किसानों के हितों को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि किसान देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की नींव है, अब किसानों की जायज माँगों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। तहसील परिसर में कांग्रेस का धरना प्रदर्शन करीब पांच घंटे तक चलता रहा। प्रदर्शन में तराना, कायथा, माकड़ोन संगठन के पदाधिकारियों सहित कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के किसान बड़ी संख्या में उपस्थित थे व परिसर में जमकर नारेबाजी की गई। एसडीएम अनिरूद्ध मिश्रा ने वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर तीन दिन में समस्याओं के समाधान हेतु उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद विधायक परमार ने धरना आंदोलन समाप्त किया। संचालन संजय यादव ने किया व आभार महेश रावल ने माना। शहर मंडलम अध्यक्ष दीपेश परमार ने बताया कि धरना आंदोलन में महिदपुर विधायक दिनेश जैन बोस, पूूर्व राज्य मंत्री बाबूलाल मालवीय, उज्जैन शहर कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश भाटी, जनपद अध्यक्ष रूद्रप्रताप सिंह, कैलाश गोठी, नरेन्द्र कानड़ी, नरेन्द्र मेहता, रूपेश परमार, महेश रावल, पवन बारोड़, शेख यासीन, द्वारकाधीश शर्मा सहित कांग्रेस के सभी प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता भारी संख्या में उपस्थित थे।