
विदिशा। किसानों ने गंजबासौदा में नवीन कृषि उपज मंडी के सामने मुख्य मार्ग पर मंगलवार दोपहर ट्रैक्टर-ट्रॉलियां (Tractor-trolleys) खड़ी कर चक्काजाम कर दिया। किसान धान की नीलामी अचानक रोके जाने का विरोध कर रहे हैं। प्रदर्शन के कारण गंजबासौदा से उदयपुर जाने वाले 16 किलोमीटर लंबे दो लेन मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं।
मंडी में वार्ता विफल होने पर सड़क पर उतरे
धान बेचने मंडी पहुंचे किसानों ने बताया कि वे सोमवार रात से ही अपनी उपज की बिक्री के लिए कतार में खड़े थे। मंगलवार सुबह उन्हें बिना किसी पूर्व सूचना के पता चला कि मंडी में धान की नीलामी प्रक्रिया रोक दी गई है। इसके बाद किसानों ने सबसे पहले मंडी परिसर के भीतर ही अपना विरोध दर्ज कराया। किसानों ने मंडी अधिकारियों से सीधी बात की, परंतु अधिकारियों की ओर से समस्या का कोई हल नहीं निकला। इसके बाद उग्र किसानों ने धान से लदी अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को बाहर लाकर मुख्य सड़क के बीचों-बीच आड़ा खड़ा कर दिया।
नीलामी अवधि दो से बढ़ाकर चार घंटे करने की मांग
किसानों ने बताया कि इन दिनों मंडी परिसर में धान की भारी आवक हो रही है। इसके बावजूद व्यापारी प्रतिदिन सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक यानी केवल दो घंटे ही नीलामी कर रहे हैं। मंगलवार को भी इस अल्प समय में महज चार कतारों में खड़ी ट्रॉलियों के धान की ही नीलामी हो सकी। जबकि दो कतारों में करीब 100 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां धान लेकर खड़ी रह गईं, जिन्हें व्यापारियों ने समय बीत जाने का हवाला देकर नीलाम करने से साफ मना कर दिया। आंदोलनकारी किसानों ने मांग रखी है कि धान की बढ़ती आवक को देखते हुए नीलामी की समय-सीमा दो घंटे से बढ़ाकर चार घंटे की जाए, ताकि सभी किसानों की फसल खरीदी जा सके।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved