img-fluid

एंथ्रोपिक का 81.31 अरब डॉलर का IPO, स्पेसएक्स का रिकॉर्ड पीछे छूटा, वैल्यूएशन 1.5 ट्रिलियन डॉलर

November 19, 2026

नई दिल्ली। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) क्षेत्र की प्रमुख कंपनी एंथ्रोपिक (Anthropic) ने शेयर बाजार (Stock Market) में अब तक का सबसे बड़ा आईपीओ (IPO) लाकर एलन मस्क (Elon Musk) की कंपनी स्पेसएक्स (SpaceX) का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है। एंथ्रोपिक ने अपने आईपीओ के माध्यम से करीब 81.31 अरब डॉलर जुटाए हैं। इससे पहले जून 2026 में स्पेसएक्स ने 75 अरब डॉलर का आईपीओ लाकर दुनिया के सबसे बड़े आईपीओ का रिकॉर्ड बनाया था। एंथ्रोपिक के शेयर 83 डॉलर प्रति शेयर की कीमत पर जारी किए गए हैं। इस आधार पर कंपनी का बाजार मूल्य करीब 1.5 ट्रिलियन डॉलर आंका गया है।

निवेशकों की मजबूत मांग से बढ़ाया इश्यू का आकार
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, एंथ्रोपिक ने आईपीओ के तहत करीब 98 करोड़ शेयर पेश किए थे। निवेशकों की ओर से जबरदस्त मांग मिलने के बाद कंपनी ने इश्यू का आकार बढ़ा दिया। कंपनी के शेयर नैस्डैक पर ANT टिकर के साथ सूचीबद्ध होने जा रहे हैं।

आईपीओ से कंपनी पहले ही 81 अरब डॉलर से अधिक जुटा चुकी है। इसके अलावा गूगल, माइक्रोसॉफ्ट, एनवीडिया और AMD जैसी टेक कंपनियों के समूह ने भी आईपीओ की कीमत पर एंथ्रोपिक में 26 अरब डॉलर निवेश करने पर सहमति जताई है। इस निवेश के साथ कंपनी की कुल जुटाई गई पूंजी 100 अरब डॉलर के पार पहुंच जाएगी।

Claude AI के लिए दुनिया भर में पहचान
एंथ्रोपिक की स्थापना 2021 में हुई थी। कंपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित Claude चैटबॉट और AI मॉडल विकसित करती है। AI क्षेत्र में इसकी प्रमुख प्रतिस्पर्धी कंपनियों में OpenAI, गूगल और Meta शामिल हैं। कंपनी के उत्पादों और तकनीक को लेकर बढ़ती मांग ने इसे वैश्विक AI बाजार की प्रमुख कंपनियों में शामिल किया है।


  • कमाई में तेज उछाल, लेकिन घाटा भी बड़ा
    एंथ्रोपिक की कमाई में तेजी से बढ़ोतरी हुई है, लेकिन कंपनी के वित्तीय आंकड़ों में भारी घाटा भी सामने आया है। 30 सितंबर को समाप्त हुए नौ महीनों में कंपनी का राजस्व 33.24 अरब डॉलर रहा, जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले करीब 1,200 प्रतिशत अधिक है।

    हालांकि, इसी अवधि में कंपनी ने 104 अरब डॉलर का नेट लॉस दर्ज किया। इसमें बड़ा हिस्सा कन्वर्टिबल नोट्स और डेरिवेटिव देनदारियों के उचित मूल्य में बदलाव के कारण रहा। वर्ष 2025 की इसी नौ महीने की अवधि में कंपनी को 25.1 अरब डॉलर का नुकसान हुआ था।

    कंपनी के सामने सबसे बड़ी चुनौती AI मॉडल विकसित करने और उन्हें संचालित करने पर होने वाला भारी खर्च है। इसके लिए बड़े डेटा सेंटर, महंगे AI चिप और विशाल कंप्यूटिंग क्षमता की जरूरत पड़ती है। एंथ्रोपिक ने आने वाले वर्षों में कंप्यूटिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर पर करीब 900 अरब डॉलर खर्च करने की बात कही है।

    निवेशकों के सामने क्या हैं जोखिम?
    तेजी से बढ़ते कारोबार के बावजूद एंथ्रोपिक के सामने कई चुनौतियां हैं। AI क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा लगातार बढ़ रही है। इसके साथ डेटा सेंटर, चिप और कंप्यूटिंग क्षमता पर होने वाला भारी निवेश कंपनी की लागत बढ़ा सकता है। भविष्य में लगातार मुनाफा कमाने की क्षमता भी निवेशकों के लिए अहम होगी।

    इसके अलावा AI से जुड़े सरकारी नियम, डेटा सुरक्षा और तकनीक के सुरक्षित इस्तेमाल से जुड़े सवाल भी कंपनी के कारोबार को प्रभावित कर सकते हैं। ऐसे में कंपनी को अपनी मौजूदा वैल्यूएशन के अनुरूप प्रदर्शन करना होगा।

    एंथ्रोपिक का यह आईपीओ AI सेक्टर में निवेशकों की मजबूत दिलचस्पी को दर्शाता है। हालांकि, इतनी बड़ी वैल्यूएशन को भविष्य में सही साबित करना कंपनी के लिए बड़ी चुनौती होगी।

    डिस्क्लेमर: ग्रे मार्केट में शेयरों का प्रीमियम लगातार बदलता रहता है। किसी भी आईपीओ में निवेश करने से पहले कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन, कारोबार और जोखिमों की पूरी जानकारी लें। जरूरत पड़ने पर वित्तीय सलाहकार से परामर्श करें।

    Share:

  • सिंधु जल समझौते पर भूपेंद्र यादव की पाकिस्तान को दो टूक, बोले- पुराने तौर-तरीकों से नहीं चलेगा काम

    Thu Nov 19 , 2026
    अंताल्या। भारत (India) ने सिंधु नदी (Indus River) के पानी के बंटवारे को लेकर पाकिस्तान (Pakistan) को एक बार फिर स्पष्ट संदेश दिया है। केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव (Bhupender Yadav) ने कहा है कि सीमा पार बहने वाली नदियों के पानी का बंटवारा पुराने तौर-तरीकों के आधार पर नहीं हो सकता। इसके साथ ही […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved