img-fluid

18 लोगों की जान लेने वाला कबरा हाथी आखिरकार काबू में, 6 दिन तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन

November 19, 2026

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में वन विभाग को कबरा हाथी के रेस्क्यू ऑपरेशन में सफलता मिली है। 6 दिनों तक चली मशक्कत के बाद टीम ने हाथी को ट्रेंकुलाइज कर लिया। इसके बाद उसके गले में सैटेलाइट रेडियो कॉलर आईडी लगाई गई और उसे वापस जंगल में छोड़ दिया गया। इस कॉलर की मदद से अब वन विभाग उसकी लोकेशन और गतिविधियों पर लगातार नजर रख सकेगा। बताया जा रहा है कि उसके द्वारा किए गए हमलों में अब तक करीब 18 लोगों की मौत हो चुकी है।

कबरा हाथी को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम पिछले 6 दिनों से लगातार उसकी निगरानी कर रही थी। शुरुआती 5 दिनों तक कुमकी हाथियों दुर्योधन और तीरथ की मदद से उसकी लोकेशन का पता लगाने की कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। छठवें दिन विशेषज्ञों ने कुमकी हाथी के सहयोग से करीब 600 फीट की ऊंचाई से कबरा हाथी को डार्ट मारकर बेहोश कर दिया।


  • कबरा हाथी सरगुजा संभाग के सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों में लगातार आक्रामक व्यवहार कर रहा था। वह इंसानी बस्तियों में घुसकर लोगों पर हमले कर रहा था। इन हमलों में अब तक करीब 18 लोगों की जान जा चुकी है। हाथी के लगातार आक्रामक व्यवहार को देखते हुए वन विभाग को उसे ट्रेंकुलाइज कर रेस्क्यू करने के निर्देश मिले थे। इसके बाद से ही टीम उसकी निगरानी और लोकेशन ट्रेस करने में जुटी थी।

    वाइल्डलाइफ सीसीएफ डॉ. प्रणय मिश्रा के मुताबिक, कबरा हाथी की अगले दो दिनों तक विशेष निगरानी की जाएगी। इस दौरान उसके व्यवहार पर नजर रखी जाएगी। यह भी देखा जाएगा कि वह सामान्य रूप से दूसरे हाथियों के समूह के साथ जंगल में रह रहा है या नहीं।

    डॉ. मिश्रा ने बताया कि अगर कबरा हाथी दूसरे हाथियों के समूह से अलग होकर फिर से आक्रामक व्यवहार करता है, तो उसे हाथी रिजर्व सेंटर ले जाने का फैसला लिया जा सकता है। फिलहाल उसे जंगल में छोड़ दिया गया है और सैटेलाइट कॉलर आईडी के जरिए उसकी हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी। 6 दिनों की लगातार कोशिश के बाद वन विभाग ने इस रेस्क्यू ऑपरेशन को पूरा किया है।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved