
जबलपुर। जबलपुर (Jabalpur) के बरगी बांध से निकलने वाली बाईं तट नहर का एक हिस्सा अचानक भरभराकर बह गया। नहर टूटने से लाखों लीटर पानी बह गया, वहीं आसपास के कुछ किसानों के खेतों में पानी घुसने से फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। हालांकि, नुकसान का सटीक आकलन अभी बाकी है। फिलहाल टूटने के बाद मरम्मत का काम जारी है।
यह पहली बार नहीं है जब नहर में इस तरह दरार या टूट-फूट हुई हो। इससे पहले भी बाईं और दाईं, दोनों नहरें कई बार टूट चुकी हैं, जिसका सीधा खामियाजा किसानों को उठाना पड़ता है। एक बार फिर अधिकारियों की अनदेखी और लापरवाही की वजह से यह स्थिति बनी है। नहर का करीब 20 मीटर हिस्सा बेसमेंट समेत बह गया।
फाइलें अब तक अटकी
बरगी बांध से निकलकर नरसिंहपुर तक जाने वाली बाईं तट नहर कुल 135 किलोमीटर लंबी है। इसमें से 62 किलोमीटर का हिस्सा जबलपुर डिवीजन में आता है। अकेले जबलपुर रेंज में 68 ऐसी जगहें हैं, जहां से नहर में लीकेज हो रहा है। विभाग की ओर से ऊपर प्रतिवेदन भेजे दो-तीन साल से ज्यादा समय हो चुका है, लेकिन फाइलें अब भी अटकी पड़ी हैं।
कुल सिंचित क्षेत्र: बाईं तट नहर से 1.57 लाख हेक्टेयर जमीन सिंचित होती है।
जबलपुर डिवीजन: 62 हजार हेक्टेयर जमीन सिंचित।
नरसिंहपुर क्षेत्र: 92 हजार हेक्टेयर जमीन सिंचित।
नहर की लंबाई: जबलपुर से नरसिंहपुर तक कुल 135 किलोमीटर (जबलपुर रेंज में 62 किलोमीटर हिस्सा)।
लीकेज की स्थिति: जबलपुर रेंज के 62 किलोमीटर हिस्से में 68 जगह लीकेज।
लीकेज सुधार प्रपोजल: 1 करोड़ 32 लाख रुपये।
नवीनीकरण प्रपोजल: 135 किलोमीटर नहर के लिए 292 करोड़ रुपये का प्रस्ताव चार साल से भोपाल में लंबित।
जमीनी हकीकत: नहर कई जगहों पर जर्जर हालत में।
292 करोड़ रुपये के नवीनीकरण प्रस्ताव के चार साल से अटके होने और 1.32 करोड़ रुपये के लीकेज सुधार प्रस्ताव पर फैसला न होने से नहर की हालत लगातार बिगड़ रही है। ऐसे में सवाल यही है कि आखिर कब तक फाइलों की सुस्ती और लापरवाही की कीमत किसानों की फसलों और बहते पानी से चुकानी पड़ेगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved