
नई दिल्ली। सोशल मीडिया (Social Media) पर आपराधिक छवि का प्रदर्शन करने वाला डी-कंपनी (D-Company) से जुड़ा गैंगस्टर नसीम दुर्रानी (Gangster Naseem Durrani) आखिरकार पुलिस मुठभेड़ (Encounter) में मारा गया। नोएडा STF और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम ने उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में उसे घेर लिया। इस दौरान दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में नसीम को कई गोलियां लगीं। घायल अवस्था में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
नसीम सोशल मीडिया पर अपनी दहशत और आपराधिक पहचान का प्रदर्शन करता था। उसके इंस्टाग्राम अकाउंट के बायो में लिखा था- ‘नाम- बदनाम, एड्रेस- तिहाड़ जेल, उम्र- जीने की, काम- मारने का।’ इस अंदाज में वह लोगों के बीच अपनी खौफनाक छवि बनाने की कोशिश करता था।
स्कूटी से भागने लगा, गिरने के बाद पुलिस पर की फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, नसीम लगातार फरार चल रहा था। इसी दौरान नोएडा STF और दिल्ली पुलिस को उसकी गतिविधियों की जानकारी सिकंदरा बाईपास के पास मिली। CCTV फुटेज में वह स्कूटी पर जाता दिखाई दिया था। इसके बाद दोनों टीमों ने उसे पकड़ने के लिए घेराबंदी की।
पुलिस टीम को देखकर नसीम पीछे मुड़कर देखने लगा और तेज रफ्तार से स्कूटी भगाने लगा। इसी दौरान उसकी स्कूटी फिसल गई और वह सड़क पर गिर पड़ा। पुलिस के अनुसार, उसके पास .32 बोर की दो पिस्टल थीं। गिरने के बाद उसने पुलिस टीम पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें नसीम को कई गोलियां लगीं। घटनास्थल से पुलिस ने दोनों पिस्टल बरामद की हैं।
16 नवंबर को दिल्ली में हत्या का आरोप
पुलिस के मुताबिक, नसीम दुर्रानी की सबसे हालिया वारदात 16 नवंबर की थी। आरोप है कि उसने दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा के कार्यालय के बाहर समीर नाम के व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी थी। बताया गया कि हमले में समीर को 15 से 16 गोलियां मारी गई थीं।
छोटा शकील ने दी थी छोटा राजन को मारने की सुपारी
नसीम दुर्रानी का नाम अंडरवर्ल्ड की गतिविधियों से भी जुड़ता रहा है। बताया जाता है कि वह अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील के संपर्क में था। आरोप है कि वर्ष 2016-17 में छोटा शकील ने तिहाड़ जेल में बंद छोटा राजन की हत्या की सुपारी नसीम को दी थी।
इसके अलावा उस पर पाकिस्तानी मूल के कनाडाई नागरिक और पत्रकार तारिक फतेह की हत्या की साजिश रचने का भी आरोप लगा था। इस मामले में उसे पहले गिरफ्तार भी किया गया था।
कई नामों से था पहचान, दिल्ली में दर्ज थे गंभीर मामले
दिल्ली पुलिस के अनुसार, नसीम को नसीम उर्फ रिजवान के नाम से भी जाना जाता था। वह उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू मुस्तफाबाद स्थित राजीव गांधी नगर का रहने वाला था और उसकी उम्र 37 साल थी।
पुलिस ने उसे आदतन और खतरनाक अपराधी बताया है। उसके मुताबिक, नसीम अपने साथियों और गिरोह के सदस्यों के साथ दिल्ली के उत्तर-पूर्वी इलाकों में सक्रिय था। उसके खिलाफ हत्या, हथियारों के बल पर लूट, अवैध हथियार रखने, चोरी और पुलिसकर्मियों पर हमला करने जैसे गंभीर अपराधों के मामले दर्ज थे।
गोकुलपुरी थाने में दर्ज FIR नंबर 173/2014 के मामले में उस पर पुलिस हिरासत से एक आरोपी को भगाने में मदद करने का आरोप है। इस दौरान पुलिसकर्मियों पर हमला करने और पुलिस टीम पर पत्थर-ईंटें फेंकने की घटना भी हुई थी।
इसके अलावा गोकुलपुरी थाने में दर्ज FIR नंबर 289/2010 में भी उसका नाम हत्या के मामले में सामने आया था। खजूरी खास, जाफराबाद, दयालपुर समेत दिल्ली के अन्य थानों में भी उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट और दूसरे अपराधों के कई मामले दर्ज थे।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, गंभीर अपराधों में उसकी बार-बार संलिप्तता और गिरोह से जुड़े संपर्क उसके लंबे आपराधिक इतिहास को दर्शाते हैं। नसीम उर्फ रिजवान का नाम डी-कंपनी से जुड़ने के साथ-साथ पत्रकार तारिक फतेह को धमकी देने के मामले में भी सामने आ चुका था।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved