
इंदौर। शहर (Indore) में अभी पानी का संकट (water crisis) शुरू नहीं हुआ है, लेकिन इस संकट के शुरू होने के पहले ही शहर में चलने वाले निर्माण कार्यों (construction work) पर ब्रेक लगा शुरू हो गया है। नगर निगम में निर्माण करने के लिए मंजूरी प्राप्त करने हेतु पहले हर दिन 35 से 40 नक्शे आते थे, लेकिन अब उनकी संख्या 2 से 5 हो गई है।
इस वर्ष बारिश कम होने के कारण यह सभी को मालूम है कि शहर में पानी का संकट पैदा होगा। नगर निगम द्वारा लगातार यह प्रचार किया जा रहा है कि नल में आने वाले नर्मदा के पानी और बोरिंग से मिलने वाले पानी का उपयोग निर्माण कार्य में नहीं किया जाए। इसके साथ ही निगम की ओर से यह भी प्रचार किया जा रहा है कि यदि इस पानी का उपयोग निर्माण कार्य में पाया जाता है तो संबंधित निर्माणकर्ता के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पानी के संकट ने अभी दस्तक नहीं दी है, लेकिन जनवरी से संकट पैदा होने की स्थिति नजर आ रही है। इन हालात के चलते हुए शहर में निर्माण कार्यों पर ब्रेक लगना शुरू हो गया है। जिन लोगों को अपने मकान, भवन बनाना थे, उन्होंने अपनी योजना को आगे बढ़ा दिया है। निगम की भवन अनुज्ञा शाखा से जुड़े अधिकारियों का भी कहना है कि पहले तो अपना नक्शा मंजूर करवाने के लिए संबंधित व्यक्ति द्वारा प्रभावीजनों से फोन लगवाए जाते थे और कोशिश की जाती थी कि नक्शा जल्दी से जल्दी मंजूर हो जाए। इस समय जो नक्शे प्रस्तुत हो रहे हैं, इसमें इस तरह की कोई अनुशंसा भी नहीं आ रही है। वैसे ही बहुत कम संख्या में नशे प्रस्तुत हो रहे हैं और उसमें भी व्यक्ति को अपना नक्शा पास करवाने की कोई जल्दी नहीं है। यह स्थिति इसलिए है, क्योंकि पानी के संकट को देखते हुए संबंधित व्यक्ति यह सुनिश्चित करने की स्थिति में नहीं है कि वह अपना निर्माण कार्य कर पाएगा। ध्यान रहे कि जिला प्रशासन द्वारा 27 अक्टूबर को एक आदेश जारी कर नए बोरिंग करने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसके साथ ही अब यह नियम बना दिया गया है कि बिना अनुमति के बोरिंग नहीं किया जा सकता है। यह बोरिंग करने की अनुमति भी निर्माण करने के लिए नहीं दी जाएगी।
ट्रीटेड वाटर के लिए टैंकर कहां से लाएं
नगर निगम द्वारा निर्माण करने वालों को यह सुविधा दी गई है कि वह अपना निर्माण कार्य निगम से ट्रीटेड वाटर प्राप्त करके कर सकते हैं। इसके लिए निगम मात्र 1000 रुपए में पूरे निर्माण कार्य के लिए ट्रीटेड वाटर देने को तैयार है। निगम यह पानी तो देने को तैयार है, लेकिन निगम का कहना है कि जिसे निर्माण करना है, वह खुद अपना टैंकर लेकर आए। अब निर्माण करने वालों के सामने समस्या यह है कि निर्माण के लिए ट्रीटेड वाटर लाने के लिए टैंकर कहां से लाएं। प्रायवेट टैंकर वालों द्वारा भी ट्रीटेड वाटर पहुंचाने के काम से दूरी बना ली गई है। इन लोगों का कहना है कि साफ पानी के टैंकर में यदि एक बार हमने ट्रीटेड वाटर भर लिया तो इसकी स्मेल आगे भी इस टैंकर में बनी रहती है।
निगम ने नहीं लगाए टैंकर
नगर निगम द्वारा निर्माण कार्य के लिए ट्रीटेड वाटर सप्लाई करने हेतु कोई टैंकर नहीं लगाए गए हैं। ऐसी स्थिति में ट्रीटेड वाटर लेकर काम करना चाहने वाले लोगों के लिए भी ऐसा कर पाना संभव नहीं हो पा रहा है।
एक सप्ताह में 36 नक्शे मंजूर हुए, उनमें से भी 32 एक हजार फीट तक के प्लाट वाले
नियम के अनुसार कोई भी निर्माण करने से पहले संबंधित व्यक्ति द्वारा नगर निगम में नक्शा प्रस्तुत कर उसे मंजूर करवाया जाता है। पहले नगर निगम में हर दिन 35 से 40 नक्शा मंजूरी के लिए प्रस्तुत किए जाते थे , अब स्थिति में कितना परिवर्तन आया है, इसका अंदाजा तो इसी बात से लगाया जा सकता है कि पिछले एक सप्ताह में नगर निगम से केवल 36 नक्शे मंजूर हुए हैं। इसमें से भी 32 नक्शे तो डीम्ड मंजूरी वाले हैं। अर्थात यह सभी नक्शें 1000 वर्गफीट तक के प्लाट पर किए जाने वाले स्वयं के उपयोग के आवासीय निर्माण के हैं, जिनके लिए ज्यादा पानी की आवश्यकता नहीं होगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved