
नागदा। कृषि उपज मंडी में गुरुवार को बड़े तौल कांटे पर तौल में गड़बड़ी की शिकायत कर किसानों ने हंगामा कर दिया। किसानों के विरोध को देखते हुए मंडी प्रशासन ने 10 किलो अंतर की राशि दिलाने के निर्देश दिए। देर शाम नाप तौल विभाग की जाँच में तौल कांटा सही निकला।
कृषि उपज मंडी समिति में गुरुवार को कुछ किसानों ने आपत्ति जताई कि बड़े तौल कांटे के तौल में गड़बड़ी है। किसानों ने शिकायत मंडी सचिव भूपत परते से की, जिस पर उन्होंने तहसीलदार मधु नायक को सूचना की। दोनों अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर किसानों से बातचीत की और अपने सामने ही तौल कराया जिसमें तात्कालिक परिस्थिति और किसानों के आक्रोश को शांत करने के लिए पंचनामा रिपोर्ट बनाकर तौल में 10 किलो कम आने पर राशि देने की बात कही गई जिसके बाद मामला शांत हो गया। इधर शाम को जाँच के बाद नापतौल निरीक्षक अफजल हुसैन ने बताया कि बड़े तौल कांटे में 5 से 10 किलो का अंतर होना मान्य होता है। क्योंकि इनकी सेंटिंग इस तरह की होती है कि वह 5 किलो या 10 किलो के गुणांक में ही वजन दिखाते हैं। उदाहरण के रुप में 10 किलो के स्टेप वाला कांटा 10004 किलो को 10000 किलो ही दिखाएंगा, परंतु वजन 10006 किलो होती ही वह इसे 10010 किलो दिखा देगा। वहीं कई बार वाहनों के चढऩे-उतरने में कांटे का संतुलन बिगडऩे सकता है। वहीं तेज हवा चलने, कांटे के पास से दूसरे भारी वाहन के गुजरने से होने वाले कंपनी से भी रीडिंग बदल जाती है। कई किसान अपनी उपज और वाहनों का वजन शहर में स्थित अन्य निजी कांटे पर कराने के बाद लेकर मंडी परिसर पहुंचे थे। निजी कांटे और मंडी में ठेके पर चल रहे कांटे के वजन में 10 किलो का अंतर आया। इस पर ही किसानों ने आपत्ति लेना शुरू की।