
डेस्क: जरा सोचिए, आप अपने Apple MacBook के सामने बैठे हैं और कीबोर्ड या माउस को टच भी नहीं करते हैं और आपके सारे काम हो रहे हैं. फिर चाहे इंटरनेट पर कुछ जानकारी सर्च करनी हो या कोड़िंग से जुड़ा कोई काम हो, आपका कंप्यूटर सबकुछ खुद ही संभाल ले. सुनने में भले ही यह चौंकाने वाला लगे, लेकिन टेक जगत की दिग्गज कंपनी Apple अब इसी प्रोजेक्ट पर काम कर रही है. कंपनी एक ऐसा AI Agent बनाने की प्लानिंग कर रही है, जो इंसान की तरह कंप्यूटर का इस्तेमाल कर सकेगा. खास बात यह है कि इसे सिर्फ एक बार काम बताना होगा और फिर यह अलग-अलग ऐप्स और टूल्स की सहायता से उसे पूरा करने का प्रयास करेगा.
Apple की इस तैयारी का खुलासा ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के माध्यम से हुआ है. ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार कंपनी ने हाल ही में एक सीनियर इंजीनियरिंग मैनेजर के पद के लिए नौकरी का ऐड जारी किया है. इस पद पर नियुक्त होने वाले व्यक्ति की जिम्मेदारी ऐसे AI Agent को बनाने की होगी, जो इंसान की तरह डिवाइस का इस्तेमाल कर सके. कंपनी की जॉब पोस्टिंग के अनुसार एक ऐसा AI Agent बनाना है, जो वेब ब्राउजिंग से लेकर अलग-अलग ऐप्स पर काम करने तक की जिम्मेदारी को संभाल सके. यह एजेंट जरूरत पड़ने पर कमांड चला सकेगा, कोड लिख ले और उसमें मौजूद गलतियों को सही करने में भी सहायता करेगा. साथ ही यह अलग-अलग डिजिटल सर्विस का इस्तेमाल करते हुए कई चरणों वाले काम पूरे कर सकेगा.
Apple के जॉब एड में एक और खास बात है. कंपनी चाहती है कि उसका AI Agent काम के हिसाब से सही टूल खुद ही सेलेक्ट करे. जैसे- अगर किसी काम को पूरा करने के लिए वेबसाइट पर जाने की जरूरत हो, तो वह ब्राउजर का इस्तेमाल कर ले. वहीं कोडिंग से जुड़ा काम होने पर जरूरी कमांड और टूल्स की सहायता ले सकेगा. यानी कंपनी चाहती है कि यूजर को बार-बार प्रॉम्ट देने या हर स्टेप पर खुद कुछ करने की जरूरत न हो. AI Agent अलग-अलग ऐप्स, ब्राउजर और कमांड लाइन के बीच तालमेल बिठाकर काम पूरा कर सकेगा. Apple का कहना है कि यह पूरी प्रोसेस प्राइवेसी को ध्यान में रखकर बनाई जाएगी.
खास बात यह है कि एक ओर Apple अपना AI Agent बनाने की दिशा में काम कर रहा है, वहीं दूसरी ओर कंपनी थर्ड पार्टी AI Agents की पहुंच को सीमित करने की योजना बना रही है. ब्लूमबर्ग के अनुसार, आने वाले macOS 27.3 अपडेट में ऐसे अलर्ट देखने को मिल सकते हैं, जो यूजर्स को थर्ड पार्टी AI Agents को डिवाइस का पूरा कंट्रोल देने से पहले अलर्ट करेंगे. Apple पहले ही डेवलपर्स को बता चुका है कि इस तरह की परमिशन देने के लिए यूजर की परमिशन की जरूरत होगी.
AI Agent के क्षेत्र में Anthropic और OpenAI जैसी कंपनियां पहले ही अपने प्रोडक्ट ला चुकी हैं. मेटा भी इसी दिशा में काम कर रहा है. ऐसे में Apple का इस बाजार में उतरना हैरान करने वाला नहीं है. लेकिन Apple का यह प्रोजेक्ट अभी शुरुआती दौर में है. ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी अगले साल के अंत तक इस सर्विस को पेश करने पर विचार कर चुकी है, लेकिन इसकी लॉन्चिंग को लेकर अभी कोई आधिकारिक तारीख सामने नहीं आई है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved