
ठाणे: महाराष्ट्र (Maharashtra) के ठाणे जिले में 7 साल की बच्ची से हैवानियत का मामला सामने आया है. आरोप है कि बच्ची के परिचित ने उसे स्नैक्स दिलाने का लालच दिया और फिर उसके साथ रेप किया. आरोपी उसी इलाके में रहता है, जहां बच्ची का परिवार रहता है. वह अक्सर उनके घर भी आता-जाता था. घटना का खुलासा कई महीने बाद हुआ, जब बच्ची ने पेट में दर्द की शिकायत के बाद अपनी मां को आपबीती बताई.
पुलिस के मुताबिक, बच्ची के पेट में दर्द होने पर मां ने उससे इसकी वजह पूछी. इस दौरान बच्ची ने बताया कि कुछ महीने पहले आरोपी ने उसे स्नैक्स का लालच देकर अपने साथ बहलाया था और उसके साथ गलत काम किया. बेटी की बात सुनकर परिवार ने शाहपुर पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई.
मासूम के घर आता-जाता था आरोपी
शिकायत के मुताबिक, आरोपी बच्ची के परिवार के लिए अनजान नहीं था. वह उसी इलाके में रहता था और अक्सर उनके घर आता था. इसी जान-पहचान का फायदा उठाकर उसने बच्ची को अपने झांसे में लिया. पुलिस अब आरोपी की भूमिका और घटना से जुड़ी अन्य जानकारियों की जांच कर रही है.
कई महिनों बाद घटना का हुआ खुलासा
पुलिस अधिकारी ने बताया कि बच्ची की मां की शिकायत के आधार पर शाहपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. आरोपी घटना के बाद से फरार है. उसे पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें तलाश में जुटी हैं.
इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64 यानी रेप और अन्य संबंधित प्रावधानों के साथ पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है. पॉक्सो कानून बच्चों को यौन अपराधों से सुरक्षा देने के लिए बनाया गया है. फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है. बच्ची की शिकायत के आधार पर मामले की जांच जारी है. इस घटना ने एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा और उनके आसपास मौजूद लोगों के व्यवहार को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved