img-fluid

गेमिंग की दुनिया में GTA 6 का शोर, PM मोदी ने इसी बहाने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां, युवाओं को दिया बड़ा संदेश

November 20, 2026

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi)इन दिनों अपने सोशल मीडिया पोस्ट (Social media post)को लेकर चर्चा में हैं। इस बार उन्होंने दुनिया के चर्चित वीडियो गेम ग्रैंड थेफ्ट ऑटो यानी GTA 6 के बहाने देश की विकास यात्रा को सामने रखा है। पीएम मोदी(PM Modi) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक खास पोस्ट साझा किया जिसमें GTA V से GTA VI तक के सफर को भारत में पिछले 13 वर्षों के दौरान हुए बदलावों से जोड़ा गया। उनका यह अंदाज गेमिंग पसंद करने वाली युवा पीढ़ी यानी Gen Z को ध्यान में रखकर तैयार किया गया नजर आया। पोस्ट के कैप्शन में प्रधानमंत्री ने लिखा कि भारत अब एक नया ही गेम खेल रहा है। इसके साथ उन्होंने देश की उपलब्धियों का स्कोरकार्ड भी साझा किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पोस्ट में दस स्लाइड्स के जरिए बताया कि बीते 13 वर्षों में भारत ने अलग-अलग क्षेत्रों में किस तरह प्रगति की है। इन तस्वीरों में गरीबी से निपटने नक्सलवाद पर नियंत्रण स्वच्छता अभियान ऊर्जा उत्पादन अंतरिक्ष क्षेत्र और रक्षा निर्यात जैसे मुद्दों को शामिल किया गया। पोस्ट का मुख्य संदेश यह था कि जिस दौरान गेमिंग की दुनिया GTA V से GTA VI तक पहुंची उसी दौरान भारत ने भी कई क्षेत्रों में बदलाव और विकास का लंबा सफर तय किया है। इस पोस्ट के जरिए प्रधानमंत्री ने युवाओं के बीच लोकप्रिय गेमिंग ट्रेंड को देश की विकास गाथा से जोड़ने की कोशिश की।

पीएम मोदी ने गरीबी के मुद्दे पर भी अपनी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि भारत ने पिछले वर्षों में गरीबी कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति की है और देश दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है। इसके अलावा स्वच्छता मिशन के तहत हुए काम और देश की सौर ऊर्जा क्षमता में विस्तार को भी उपलब्धियों के रूप में पेश किया गया। अंतरिक्ष क्षेत्र में निजी कंपनियों और स्टार्टअप की बढ़ती भागीदारी का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में नए अवसर पैदा हुए हैं। रक्षा निर्यात में बढ़ोतरी को भी भारत की बदलती आर्थिक और रणनीतिक क्षमता से जोड़कर दिखाया गया।

पोस्ट में नक्सलवाद के मुद्दे को भी प्रमुखता दी गई। प्रधानमंत्री के साझा किए गए आंकड़ों के मुताबिक 13 साल पहले देश के 182 जिले नक्सल प्रभावित थे जबकि अब यह संख्या शून्य तक पहुंचने का दावा किया गया है। सरकार की ओर से इसे आंतरिक सुरक्षा के मोर्चे पर बड़ी उपलब्धि के तौर पर पेश किया गया है। इस तरह दस स्लाइड्स में प्रधानमंत्री ने विकास और बदलाव के कई क्षेत्रों को एक साथ रखकर युवाओं के सामने भारत का नया स्कोरकार्ड पेश किया।


  • दरअसल GTA 6 को लेकर इन दिनों दुनिया भर में गेमिंग कम्युनिटी के बीच जबरदस्त उत्साह है। रॉकस्टार गेम्स की इस लोकप्रिय सीरीज का नया संस्करण लंबे इंतजार के बाद सामने आया है। GTA V के बाद खिलाड़ियों को इसके अगले संस्करण का इंतजार था। इस गेम में खिलाड़ी एक काल्पनिक अमेरिकी शहर की दुनिया में अपराध और गैंगस्टर गतिविधियों से जुड़ी कहानी का हिस्सा बनते हैं। शानदार ग्राफिक्स और बड़े गेमिंग मैप के कारण यह सीरीज दुनिया भर में लोकप्रिय रही है। नए संस्करण को लेकर गेमर्स के बीच चर्चा सोशल मीडिया पर भी तेजी से बढ़ी है।

    रिपोर्ट के मुताबिक गेम को लेकर शुरुआती समीक्षाएं भी काफी उत्साहजनक रही हैं। मेटाक्रिटिक पर इसे 100 में से 99 अंक मिलने का दावा किया गया है। वहीं एनालिटिक्स फर्म ओम्डिया के अनुमान के मुताबिक GTA 6 साल के अंत तक रॉकस्टार गेम्स और उसकी मूल कंपनी टेक-टू इंटरएक्टिव के लिए 3.2 अरब डॉलर की बिक्री कर सकता है। हालांकि इस गेम के विकास में कई चुनौतियां भी आईं। साल 2022 में हुए साइबर हमले और बाद में सामने आए लीक के कारण इसकी लॉन्चिंग प्रक्रिया प्रभावित हुई। इसके अलावा GTA सीरीज पर हिंसा और अपराध को बढ़ावा देने जैसे आरोप भी लगते रहे हैं।

    प्रधानमंत्री मोदी का यह पोस्ट इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि उन्होंने किसी लोकप्रिय गेम के ट्रेंड को सीधे देश की उपलब्धियों से जोड़ दिया। आमतौर पर सरकारी उपलब्धियों को पारंपरिक राजनीतिक भाषा में पेश किया जाता है लेकिन इस बार गेमिंग की भाषा और स्कोरकार्ड के अंदाज में संदेश दिया गया। इससे युवाओं के बीच पोस्ट को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पीएम मोदी का संदेश साफ है कि पिछले 13 वर्षों में भारत ने कई क्षेत्रों में बदलाव का दावा किया है और अब देश अपनी विकास यात्रा के अगले पड़ाव की ओर बढ़ रहा है।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved