सिडनी। ऑस्ट्रेलिया (Australia) की न्यू साउथ वेल्स संसद में उस समय एक यादगार और भावुक (Memorable and emotional) पल देखने को मिला, जब एक सांसद ने सदन के भीतर अपनी गर्लफ्रेंड (Girlfriend) को शादी के लिए प्रपोज कर दिया। लिबरल पार्टी के सांसद जॉर्डन लेन अपने विदाई भाषण के दौरान अचानक सगाई की अंगूठी लेकर खड़े हो गए और दर्शक दीर्घा में बैठी अपनी प्रेमिका नताली से शादी का प्रस्ताव रख दिया। उन्होंने सदन में मौजूद सभी लोगों के सामने पूछा, ‘क्या तुम मुझसे शादी करोगी?’ नताली ने भी खुशी-खुशी उनका प्रस्ताव स्वीकार कर लिया। इसके बाद पूरा सदन तालियों से गूंज उठा। इस अनोखे प्रपोजल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। खास बात यह है कि दोनों पिछले 10 साल से अधिक समय से एक-दूसरे के साथ रिश्ते में हैं।
32 वर्षीय जॉर्डन लेन पहली बार लिबरल पार्टी के टिकट पर सांसद चुने गए थे। उन्होंने 6 नवंबर को राज्य की राजनीति छोड़ने के अपने फैसले का ऐलान किया था। उनका कहना था कि राइड क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए राजनीति में बिताए गए समय का उनके निजी जीवन पर असर पड़ा है। मार्च में होने वाले चुनाव के बाद वह राज्य की राजनीति से विदाई ले लेंगे। इसी फैसले के बाद वह न्यू साउथ वेल्स संसद में अपना विदाई भाषण दे रहे थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि उनका यह आखिरी संबोधन निजी जिंदगी के लिए भी यादगार बन जाएगा।
अपने संबोधन के दौरान जॉर्डन लेन सदन की केंद्रीय मेज के पास पहुंचे और स्पीकर को संबोधित करते हुए कहा, ‘स्पीकर, राइड के सदस्य के तौर पर मेरा आखिरी सवाल मेरे जीवन के प्यार नताली के लिए है।’ इतना कहने के बाद उन्होंने जेब से सगाई की अंगूठी निकाली और दर्शक दीर्घा में बैठी नताली को शादी के लिए प्रपोज कर दिया।
अचानक हुए इस घटनाक्रम से सदन में मौजूद सांसद और अन्य लोग हैरान रह गए। नताली ने जैसे ही शादी के प्रस्ताव पर हां कहा, सदन तालियों और खुशी के शोर से गूंज उठा। इसके बाद जॉर्डन अपनी प्रेमिका के पास पहुंचे और दोनों ने एक-दूसरे को चूमकर इस खास पल का जश्न मनाया।
नताली के हां कहते ही सदन में गूंज उठीं तालियां
नताली के प्रस्ताव स्वीकार करने के बाद जॉर्डन लेन ने मजाकिया अंदाज में कहा, ‘मैं सदन के आधिकारिक रिकॉर्ड में यह दर्ज कराना चाहूंगा कि उन्होंने हां कहा है।’ उनके इस बयान पर भी सदन में मौजूद लोगों ने जमकर तालियां बजाईं।
न्यू साउथ वेल्स विधानसभा के स्पीकर ग्रेग पाइपर ने भी इस मौके पर चुटकी लेते हुए कहा कि 58वीं संसद को प्यार की संसद के रूप में याद किया जाएगा।
राजनीतिक विदाई के साथ निजी जिंदगी की नई शुरुआत
जॉर्डन लेन का यह प्रपोजल इसलिए भी खास रहा, क्योंकि उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन के आखिरी भाषण को निजी जिंदगी के एक बड़े फैसले से जोड़ दिया। एक ओर वह संसद से विदाई ले रहे थे, तो दूसरी ओर अपने जीवन के नए सफर की शुरुआत का ऐलान कर रहे थे।
अपने विदाई भाषण में लेन ने भावनाओं और जिंदगी में बड़े फैसले लेने के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा कि कोई बड़ा कदम उठाना मुश्किल हो सकता है, लेकिन उससे भी ज्यादा कठिन उस भावना को शब्दों में बयां करना है, जिसे केवल दिल से महसूस किया जा सकता है। उन्होंने कहा, ‘सिर से उस चीज को कैसे समझाया जा सकता है, जिसे केवल दिल में महसूस किया जा सकता है।’
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved