
- कन्वेंशन सेंटर और मनमोहन नगर में लगाए गए शिविर
जबलपुर। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में दिन-रात जुटे सफाई मित्रों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य की चिंता करते हुए नगर निगम प्रशासन ने दो स्थानों पर नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किए। शिविरों में एक हजार से अधिक सफाई मित्रों एवं उनके परिजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान ब्लड प्रेशर, रक्त जांच सहित विभिन्न पैथोलॉजी जांचें नि:शुल्क की गईं। साथ ही चिकित्सकीय परामर्श और जरूरत के अनुसार दवाइयां भी वितरित की गईं।
नेताजी सुभाषचंद्र बोस कन्वेंशन सेंटर, घंटाघर और शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनमोहन नगर अस्पताल परिसर में आयोजित शिविरों का शुभारंभ महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, निगमाध्यक्ष रिकुंज विज, स्वास्थ्य प्रभारी रजनी कैलाश साहू और निगमायुक्त अग्रिम कुमार ने किया। इस अवसर पर महापौर, निगमाध्यक्ष और निगमायुक्त ने शिविर में पहुंचे सफाई मित्रों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ रखने में सफाई मित्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उनकी मेहनत से ही शहर की स्वच्छता व्यवस्था संचालित होती है। ऐसे में सफाई मित्रों के साथ उनके परिवारों का स्वस्थ रहना भी जरूरी है। नगर निगम प्रशासन उनके स्वास्थ्य और सुविधाओं को लेकर संवेदनशील है। जनप्रतिनिधियों ने स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में सफाई मित्रों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें उत्कृष्ट कार्य के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं। शिविर में अपर आयुक्त देवेंद्र सिंह चौहान, उपायुक्त संभव अयाची, स्वास्थ्य अधिकारी अभिनव मिश्रा सहित मुख्य स्वच्छता निरीक्षक, स्वच्छता निरीक्षक और नगर निगम के अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। स्वास्थ्य परीक्षण शिविर से लाभान्वित सफाई मित्रों और उनके परिजनों ने इस पहल के लिए महापौर, निगमाध्यक्ष एवं नगर निगम प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।