img-fluid

गंगा नदी पर बने ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन किया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने

November 21, 2026


पटना । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) ने गंगा नदी पर बने (Built over Ganga River) ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन किया (Inaugurated ‘Nitish Setu’) ।


  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार के वैशाली में गंगा नदी पर बने छह लेन के केबल-स्टे ब्रिज ‘नीतीश सेतु’ का उद्घाटन किया और राज्य में कई अन्य विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने बिहार की विकास यात्रा, सुशासन और केंद्र व राज्य सरकार की विकास योजनाओं का जिक्र किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि लोक आस्था का महापर्व छठ अभी संपन्न हुआ है। बिहार की माताओं और बहनों ने कठिन निर्जला व्रत रखकर परिवार, समाज और पूरे जगत के मंगल की कामना की है। छठी मैया के आशीर्वाद से अब बिहार में विकास का पर्व मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार की विकास यात्रा में सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र के साथ आगे बढ़ी है। लोकतंत्र की ताकत को जनकल्याण का माध्यम बनाया गया है। एनडीए सरकार अपने कार्यकाल का एक वर्ष पूरा कर रही है और इस अवसर के आयोजन के लिए लोकतंत्र की महान धरती वैशाली को चुना गया है। उन्होंने वैशाली और बिहार की मिट्टी को नमन करते हुए एनडीए के सभी घटक दलों, कार्यकर्ताओं और बिहारवासियों को शुभकामनाएं दीं।

    प्रधानमंत्री ने कहा कि करीब तीन दशक पहले बिहार ने उम्मीद और विश्वास की नई राह चुनी थी। दशकों तक बदहाली झेलने वाले बिहार को नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुशासन का नया भरोसा मिला। नीतीश कुमार ने वर्षों तक मुख्यमंत्री के तौर पर बिहार की सेवा की और अब उनके आशीर्वाद से इस अभियान को सम्राट चौधरी और उनकी पूरी टीम आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि आज यहां हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है। उन्हें पूरा विश्वास है कि उनके मित्र रामविलास पासवान की आत्मा जहां भी होगी, वह भी इन कार्यों को देखकर हम पर फूलों की वर्षा कर रही होगी, क्योंकि उनके सपनों को भी साकार किया जा रहा है।

    प्रधानमंत्री ने गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन केबल-स्टे ब्रिज को जनता को समर्पित किया। इस आधुनिक पुल का नाम नीतीश कुमार के सम्मान में ‘नीतीश सेतु’ रखा गया है। उन्होंने कहा कि यह पुल बिहारवासियों की ओर से नीतीश कुमार के सेवा और समर्पण के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस पुल के निर्माण से पटना और वैशाली के बीच दूरी और आवागमन की मुश्किलें कम होंगी। फसल, फल, सब्जियां, दूध और दही को बड़े बाजारों तक पहुंचाना आसान होगा। इससे क्षेत्र के युवाओं को पढ़ाई और बुजुर्गों को इलाज व दवाइयों के लिए आने-जाने में भी सुविधा मिलेगी।

    प्रधानमंत्री ने बिहार में आधुनिक सड़क नेटवर्क के तेजी से विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि आज औरंगाबाद-चोरदाहा छह लेन हाईवे का भी लोकार्पण किया गया है। इन परियोजनाओं पर सैकड़ों करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सड़क नेटवर्क के साथ-साथ बिहार में ऊर्जा और शहरी विकास की तस्वीर भी तेजी से बदल रही है। इसी दिशा में बक्सर थर्मल पावर प्लांट के निर्माण और फुलवरिया बांध पर सोलर एनर्जी प्लांट जैसे बड़े कार्य किए गए हैं।
    प्रधानमंत्री ने कहा कि एक समय बिहार के हजारों गांवों तक बिजली नहीं पहुंची थी, लेकिन आज वही बिहार बिजली उत्पादन का बड़ा केंद्र बनता जा रहा है। शहरी यातायात को सुविधाजनक बनाने के लिए 100 आधुनिक ई-बसों को भी हरी झंडी दिखाई गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आज हजारों गरीब परिवारों को उनके पक्के घरों की चाबियां सौंपी गई हैं। प्रधानमंत्री ने इन सभी विकास कार्यों के लिए बिहार के लोगों को बधाई दी।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved