मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा (Mathura UP) जिले में एक शादी समारोह के दौरान जीजा ने अपने दो सालों पर ऐसा उपहार लुटाया कि घुड़चढ़ी देखने पहुंचे लोग हैरान रह गए। दोनों दूल्हों को 500-500 रुपये के नोटों से बनी एक-एक करोड़ रुपये की माला पहनाई गई। प्रत्येक माला करीब 100 फीट लंबी बताई गई है। इस अनोखे उपहार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
घटना सुरीर कोतवाली क्षेत्र के नगला फौदा गांव की है। शनिवार को गांव निवासी ठाकुर योगेंद्र सिंह और कुशलपाल के बेटे प्रशांत तथा कान्हा राघव की घुड़चढ़ी निकाली गई। दोनों की शादी गोवर्धन स्थित एक मैरिज होम में गांव मुड़सेरस की युवतियों के साथ होनी है।
बताया गया कि दोनों दूल्हे मार्बल और पत्थर के शोरूम संचालित करते हैं तथा भाकियू भानु के किसान नेता महावीर स्वामी के भतीजे हैं। जीजा के इस अनोखे अंदाज की घुड़चढ़ी गांव में ही नहीं, आसपास के क्षेत्र में भी चर्चा का विषय बनी हुई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved