
नई दिल्ली. नेपाल (Nepal) के प्रधानमंत्री (PM) बालेन शाह (Balen Shah) भारत (India) दौरे पर रविवार को पहुंचे। सोमवार को उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से (PM Narendra Modi) मुलाकात होगी। इस यात्रा से दोनों देशों के रिश्तों में नया अध्याय शुरू होने की उम्मीद है। दोनों देश इस दौरे को लेकर उत्साहित है। इसकी वजह नेपाल में मजबूत और स्थायी सरकार का बनना है। राजशाही खत्म होने के बाद पहली बार किसी प्रधानमंत्री की सरकार स्पष्ट बहुमत से सत्ता में आई है। बता दें कि मार्च में पद संभालने के बाद बालेन शाह की यह पहली भारत यात्रा है।
दरअसल, भारत और नेपाल के सदियों पुराने रिश्ते हैं। नेपाल की अर्थव्यवस्था में भारत की प्रमुख भूमिका है। भारत नेपाल का विकास सहयोगी भी है। लेकिन, इधर नेपाल में बढ़ते चीनी हस्तक्षेप के चलते भारत की चिंताएं बढ़ी हैं। इसकी वजह भारत नेपाल के बीच करीब 1800 किलोमीटर खुली सीमा का होना है।
हो सकती हैं कई घोषणाएं
विदेश मंत्रालय से जुड़े सूत्रों ने कहा, इस यात्रा के दौरान रिश्तों की मजबूती सबसे बड़ा एजेंडा होगा। नेपाल में कुछ समय पूर्व बाढ़ से भारी तबाही मची थी और भारत ने तब राहत कार्य में मदद की थी और अब भारत नेपाल के पुननिर्माण के लिए एक बड़े पैकेज का ऐलान कर सकता है। दूसरा, हाल में भारत ने अग्निवीरों को स्थायी करने का ऐलान किया है। माना जा रहा है नेपाल फिर से गोरखाओं की सेना में भर्ती को मंजूरी दे सकते है। बता दें कि अग्निपथ योजना शुरू होने के बाद से ही नेपाल में भारतीय सेना के दोनों भर्ती केंद्र बंद हैं। अब बदली स्थितियों में नेपाल इसके लिए फिर से तैयार हो सकता है। नेपाल सरकार पर इस बात के लिए घरेलू दबाव भी है।
सीमा से जुड़े मुद्दे नहीं
मंत्रालय सूत्रों ने कहा कि इस यात्रा के एजेंडे में सीमा विवाद पर चर्चा को शामिल नही किया गया है। इस प्रकार के विवादों को सुलझाने के लिए दोनों देशों के बीच अधिकारियों का तंत्र स्थापित है।
नेपाली पीएम ने विदेश मंत्री से की मुलाकात
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह रविवार को दो दिवसीय यात्रा पर भारत आए हैं। इस दौरान दिल्ली में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मुलाकात की। उनके आगमन पर वाणिज्य और उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने उनका स्वागत किया। विदेश मंत्रालय ने इस यात्रा को दोनों पड़ोसी देशों के बीच लंबे समय से चली आ रही और बहुआयामी साझेदारी को और मजबूत करने का एक अवसर बताया है।
नेपाल और भारत का रोटी-बेटी का रिश्ता
विदेश मामलों के विशेषज्ञ तथा दिल्ली विवि के प्रोफेसर सुधीर सिंह ने कहा कि नेपाल और चीन के बीच संबंधों में तल्खी के बीच यह यात्रा भारत के लिए महत्वपूर्ण है। PM मोदी और बालेन शाह की बैठक से चीन को संदेश मिल सकता है। दूसरा, जिस प्रकार से नेपाल की अर्थव्यवस्था भारत से जुड़ी है, ऐसे में भारत से मजबूत रिश्ते जरूरी है। नेपाल और भारत का रोटी-बेटी का रिश्ता है।
अयोध्या से रेलमार्ग से जुड़ेगा जनकपुरधाम
इस बीच अयोध्या से नेपाल के जनकपुरधाम के बीच चलने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस का उद्घाटन सोमवार को होगा। इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन को सजाया गया है। उद्घाटन स्पेशल ट्रेन नंबर 04295 अयोध्या धाम से दोपहर 12:30 बजे रवाना होगी। दिल्ली से प्रधानमंत्री मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ करेंगे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved