img-fluid

ननि के बाबू ने पॉक्सो पीडि़ता का गोपनीय रिकॉर्ड आरोपी को दे दिया

November 23, 2026

  • सूचना के अधिकार की आड़ में बड़ा खेल, पीडि़ता का निजी डेटा आरोपी तक पहुंचाया, जिला अभियोजन की सख्त टिप्पणी के बाद हड़कंप, निगम कर्मचारी पर गिर सकती है गाज

जबलपुर। नगर निगम के सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी शिवमोहन द्विवेदी द्वारा एक गंभीर आपराधिक मामले की गोपनीयता भंग करने का सनसनीखेज प्रकरण सामने आया है। जिला अभियोजन संचालनालय जबलपुर ने 6 अगस्त 2026 को जिला दंडाधिकारी को पत्र भेजकर संबंधित कर्मी के विरुद्ध कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की है। यह पूरा विवाद थाना संजीवनी नगर में दर्ज अपराध क्रमांक 350/2021 से जुड़ा हुआ है, जिसमें भारतीय दंड संहिता की धारा 376, 376(2)(एन) और पॉक्सो अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा चल रहा है। लोक सूचना अधिकारी के कार्यालय से जुड़े दायित्वों का निर्वहन करते हुए द्विवेदी ने पीडि़ता के जन्म संबंधी संवेदनशील दस्तावेज सीधे आरोपी को उपलब्ध करा दिए। अभियोजन विभाग के अनुसार इस कृत्य से सूचना के अधिकार अधिनियम के नियमों का खुला उल्लंघन हुआ है और पीडि़ता की निजता भी सीधे तौर पर खतरे में पड़ गई है।


  • अभिलेख नहीं होने की पुष्टि के बाद भी दी जानकारी
    इस प्रशासनिक लापरवाही में एक और चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि संबंधित विभाग के पास मूल दस्तावेज मौजूद ही नहीं थे। नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग, संभाग क्रमांक-5 ने 13 मई 2026 को लिखित रूप से यह स्पष्ट कर दिया था कि उनके खंड में इस मामले से जुड़े अभिलेख उपलब्ध नहीं हैं। विभागीय स्तर पर रिकॉर्ड न होने की आधिकारिक पुष्टि के बावजूद सहायक ग्रेड-3 कर्मी ने नियमों को ताक पर रख दिया। उन्होंने पुराने अभिलेखों का सहारा लेते हुए 18 मई 2026 को पत्र क्रमांक लो.सू.वि./2026/659 के माध्यम से पीडि़ता के जन्म से जुड़े गोपनीय विवरण आरोपी पक्ष को जारी कर दिए।

    पॉक्सो कानून के तहत पहचान उजागर करना गंभीर अपराध
    कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि नाबालिगों से जुड़े अपराधों में प्रशासन की जिम्मेदारी अत्यंत संवेदनशील होती है। पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों के तहत किसी भी पीडि़त बच्चे की पहचान और उससे जुड़ी व्यक्तिगत जानकारी को पूरी तरह गोपनीय रखना अनिवार्य है। ऐसे संगीन मुकदमे में बचाव पक्ष या सीधे आरोपी को संवेदनशील रिकॉर्ड सौंपना कानूनन अपराध की श्रेणी में आता है। जिला अभियोजन संचालनालय ने अपने पत्र में कर्मचारी की इस कार्यप्रणाली को शासकीय नियमों के सर्वथा विपरीत बताते हुए सख्त प्रशासनिक कदम उठाने पर जोर दिया है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

    स्थापना शाखा की पुरानी अनियमितताओं की जांच भी जारी
    नगर निगम के गलियारों में इस बात की भी जोरदार चर्चा है कि आरोपी कर्मचारी का कार्यकाल पहले भी विवादों से घिरा रहा है। शिवमोहन द्विवेदी के खिलाफ पूर्व में नगर निगम की स्थापना शाखा में पदस्थ रहने के दौरान आर्थिक अनियमितता और पद के दुरुपयोग का एक गंभीर प्रकरण दर्ज हुआ था। उस पुराने मामले की विभागीय जांच वर्तमान में भी लंबित चल रही है। ताजा घटनाक्रम के बाद अभियोजन विभाग ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष समीक्षा करने की अपेक्षा जताई है। अब सभी की निगाहें जिला प्रशासन के आगामी फैसले पर टिकी हुई हैं।

    मामला गम्भीर,सख्त कार्रवाई होगी
    यह मामला बेहद गंभीर है। पीडि़ता का रिकॉर्ड आरोपी को सौंपना दंडनीय अपराध है। इस प्रकरण में बहुत सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
    अग्रिम कुमार, निगमायुक्त

    Share:

  • 'हमारे पूर्वज हिंदू थे', लश्कर आतंकी फैसल नदीम का बड़ा कबूलनामा

    Mon Nov 23 , 2026
    डेस्क: आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के वांटेड आतंकी और उसकी राजनीतिक शाखा ‘पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग’ से जुड़े फैसल नदीम का एक चौंकाने वाला बयान सामने आया है. फैसल नदीम ने खुद स्वीकार किया है कि उसके पूर्वज हिंदू थे और उसके परिवार की जड़ें राजस्थान के बीकानेर से जुड़ी हुई हैं. पाकिस्तान के पंजाब प्रांत […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved