
उज्जैन। कल रात पानबिहार के समीप अगरबत्ती कारखाने में आग लग गई। आग लगने की भनक लगते ही लोगों की भीड़ लग गई और आग ने बड़ा रूप ले लिया। सूचना के बाद दमकल की चार गाडिय़ाँ पहुँची और तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
फायर अधिकारी ने बताया कि कल रात 9 बजे सूचना मिली थी कि पानबिहार के समीप ग्राम बांदका में भूपेन्द्र मालवीय का अगरबत्ती कारखाना है और कल शाम वह कारखाना बंद कर विवाह समारोह में गया था। इस दौरान देर रात अचानक कारखाने में आग लग गई। आग लगने का पता चलते ही लोगों की भीड़ लग गई और दमकल को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की चार गाडिय़ाँ मौके पर पहुँच गई थी। आग ने बड़ा रूप ले लिया और तीन घंटे से अधिक समय की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग में कारखाने का पूरा सामान जल गया और लाखों का नुकसान होने की बात कारखाना संचालक भूपेन्द्र मालवीय ने कही है। मौके पर पुलिस भी पहुँच गई थी। बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी है। कारखाना संचालक ने बताया कि कारखाने में 10 मशीनें अगरबत्ती बनाने की तथा मसाला और अन्य सामान रखा हुआ था और आग से पूरा सामान पूरी तरह जल कर खाक हो गया है।