img-fluid

संपूर्ण रामायण की पेंटिंग से लेकर वाराणसी का गंगाजल…जानें PM मोदी ने बालेन शाह को क्या-क्या गिफ्ट किया

November 23, 2026

नई दिल्ली: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह (Prime Minister Balen Shah) भारत दौरे पर हैं। सोमवार को उन्होंने पीएम मोदी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बैठक भी हुई। वहीं मुलाकात के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने अपने नेपाली समकक्ष बालेन शाह को ‘कलमकारी संपूर्ण रामायण’ पेंटिंग, ‘सदेली’ बॉक्स में रखा बनारसी ब्रोकेड स्टोल और ‘गंगाजल’ भेंट किया। दोनों नेताओं ने उत्तर प्रदेश के अयोध्या और नेपाल के जनकपुर के बीच ट्रेन सेवा को भी वर्चुअली हरी झंडी दिखाई।

भगवान राम के जीवन को दर्शाती पेंटिंग की भेंट
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पीएम मोदी ने बालेन शाह को जो पेंटिंग भेंट की, उसमें भगवान राम के जीवन की प्रमुख घटनाओं को दर्शाया गया है। इसमें भगवान राम के जन्म और वनवास से लेकर रावण पर विजय और अयोध्या वापसी तक की घटनाओं को विस्तार से दिखाया गया है। आंध्र प्रदेश की पारंपरिक ‘श्रीकालहस्ती’ शैली में सूती कपड़े पर बांस की कलम और प्राकृतिक रंगों से हाथ से बनाई गई यह कलाकृति, भारत की कहानी कहने की समृद्ध परंपरा, भक्ति और पारंपरिक शिल्प कौशल को दर्शाती है। बता दें कि यह भारत और नेपाल के बीच गहरे आध्यात्मिक और सांस्कृतिक संबंधों का प्रतीक है। यह भगवान राम की नगरी अयोध्या को माता सीता की जन्मस्थली माने जाने वाले जनकपुर से जोड़ती है, और दोनों देशों की साझा विरासत, मित्रता और मूल्यों को दर्शाती है।


  • सदेली बॉक्स में गिफ्ट किया बनारसी ब्रोकेड स्टोल
    इसके अलावा पीएम मोदी ने बालेन शाह को ‘सदेली’ बॉक्स में रखा एक बनारसी ब्रोकेड स्टोल भी भेंट किया। वाराणसी के इस रेशमी स्टोल पर कुशल कारीगरों द्वारा बारीक नक्काशी और चमकदार ज़री का काम किया गया है। इसे गुजरात के एक ‘सदेली’ बॉक्स में रखा गया था, जिस पर पारंपरिक लकड़ी की बारीक नक्काशी और ज्यामितीय डिज़ाइन बने हुए हैं।

    पीतल के कलश में दिया वाराणसी से लाया गंगाजल
    वहीं पीएम मोदी ने बालेन शाह को वाराणसी से लाया गया ‘गंगाजल’ भी भेंट किया, जिसे पीतल के कलश में रखा गया था। काशी विश्वनाथ मंदिर के पास गंगा नदी से लिया गया यह जल, वाराणसी के बाबा विश्वनाथ और काठमांडू के भगवान पशुपतिनाथ के बीच आध्यात्मिक संबंध को दर्शाता है। ये दोनों ही भगवान शिव के पूजनीय स्वरूप हैं। सूत्रों ने बताया कि यह भारत और नेपाल के बीच गहरे धार्मिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंधों का प्रतीक है। यह दोनों देशों के बीच स्थायी मित्रता को मजबूत करते हुए शांति, समृद्धि और आध्यात्मिक एकता का आशीर्वाद प्रदान करता है।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved