
हाजीपुर। रात के वक्त नदी के किनारे हजारों लोगों की भीड़… कोई हाथ जोड़कर पानी में उतर रहा है, कोई मंत्र पढ़ रहा है. कहीं पूजा हो रही है, कहीं घंटियां बज रही हैं. अब इसी भीड़ में आपकी नजर एक ऐसे सीन पर पड़ती है, जहां एक महिला अजीब तरीके से उछल-कूद कर रही है. पास में खड़ा एक शख्स उसके बाल खींच रहा है. कोई डंडा लेकर कुछ मंत्र पढ़ रहा है. दावा है कि उसके शरीर में कोई आत्मा आ गई है और उसे भगाया जा रहा है।
ये बिहार (Bihar) के हाजीपुर (Hajipur) के कोनहारा घाट (Konhara Ghat) की तस्वीरें हैं। कार्तिक पूर्णिमा (Kartik Purnima) की रात की तस्वीरें. यहां रात में एक तरफ लोग मोक्ष और पुण्य की कामना लेकर नदी में डुबकी लगाने पहुंचते हैं. वहीं यहां के लोगों का कहना है कि कुछ लोग भूत-प्रेत, बुरी आत्माओं और ऊपरी बाधा से छुटकारा पाने की उम्मीद लेकर आते हैं।
स्थानीय लोग इन अनुष्ठानों को ‘भूत-खेली’ कहते हैं. दावा किया जाता है कि कार्तिक पूर्णिमा की रात यहां बड़ी संख्या में कथित भूत-प्रेत और बुरी आत्माओं को बुलाया जाता है. ओझा और तांत्रिक अपने-अपने तरीके से उन्हें भगाने का दावा करते हैं. लेकिन सवाल है कि आखिर इस मेले में होता क्या है? लोग यहां क्यों आते हैं? और इक्कीसवीं सदी में, जब बीमारी के इलाज के लिए अस्पताल और डॉक्टर मौजूद हैं, तब भी भूत-प्रेत के नाम पर ऐसे अनुष्ठानों का आकर्षण क्यों बना हुआ है?
नदी में डुबकी लगाने आए थे, लेकिन घाट पर कुछ और ही दिखा
कार्तिक पूर्णिमा की रात हाजीपुर का कोनहारा घाट. दूर-दूर तक लोगों की भीड़. नदी के किनारे चहल-पहल. कोई परिवार के साथ आया है, कोई पूजा की तैयारी में जुटा है और कोई पवित्र स्नान के लिए अपनी बारी का इंतजार कर रहा है।
कोनहारा घाट का धार्मिक महत्व है. कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. इसी दौरान सोनपुर में लगने वाले प्रसिद्ध हरिहरक्षेत्र मेले की भी शुरुआत होती है. लेकिन इस रात घाट पर सिर्फ स्नान और पूजा-पाठ नहीं हो रहा था। कहीं महिलाएं पानी में उछल-कूद कर रही थीं. कहीं कोई जमीन पर अजीब हरकतें करता नजर आया. कहीं ओझा हाथ में डंडा लेकर किसी के ऊपर कथित भूत भगाने की क्रिया कर रहा था।
कुछ जगहों पर लोगों के बाल खींचे जा रहे थे. इन सबके बीच एक बात बार-बार सुनाई देती है- इसके ऊपर भूत का साया है. इसे ऊपरी बाधा है. इसे ठीक करना है. यही वजह है कि इस जगह को आम धार्मिक मेले से अलग माना जाता है. मौजूद लोग कहते हैं कि यहां लोग सिर्फ तमाशा देखने नहीं आते. कुछ लोग अपनी परेशानियों का समाधान तलाशने भी पहुंचते हैं।
कोई बाल खींचता है, कोई डंडा चलाता है. दावा है कि भूत भाग जाएगा
घाट पर मौजूद ओझाओं और तांत्रिकों के अपने-अपने तरीके हैं. किसी का अनुष्ठान पानी के पास होता है, तो कोई भीड़ के बीच ही अपनी कथित तंत्र विद्या का प्रदर्शन करता दिखाई देता है. किसी व्यक्ति के व्यवहार को देखकर कहा जाता है कि उस पर किसी आत्मा का असर है. फिर उसे ठीक करने के नाम पर अनुष्ठान शुरू होता है।
इन दृश्यों को देखने के लिए आसपास लोगों की भीड़ जमा हो जाती है. कोई हैरानी से देखता है, कोई मोबाइल में वीडियो बनाता है और कोई इन क्रियाओं को सच मानकर अपने परिवार के किसी सदस्य को लेकर पहुंचता है।
यहां एक तरह से ओझाओं की अपनी-अपनी दुकान सजी दिखाई देती है. हर किसी का दावा अलग है. किसी के मुताबिक वह शक्ति का उपासक है, तो कोई कहता है कि वह भूत-प्रेत से होने वाली बीमारी का इलाज करता है।
घाट पर मौजूद एक महिला तांत्रिक से जब उनके अनुष्ठानों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने इसे अपने परिवार की आजीविका और लोगों की मदद से जोड़कर बताया. उनका कहना था कि उनके ऊपर देवी आती हैं और वह लोगों का भला करती हैं. महिला तांत्रिक ने कहा, हम ये करके परिवार को चलाते हैं, पढ़ाते हैं, लिखाते हैं और सबको खुशहाल रखते हैं. हम लोगों का भला करते हैं. यानी उनके लिए यह सिर्फ कोई एक क्रिया नहीं, बल्कि रोजी-रोटी का जरिया भी है।
वहीं, एक पुरुष तांत्रिक का दावा इससे भी आगे था. उनका कहना था कि हर बीमारी का इलाज दवा से नहीं होता. कुछ बीमारियां ऐसी होती हैं, जिनकी वजह कथित आत्माएं होती हैं. उन्होंने कहा, भूत-प्रेत से जो बीमारी होती है, उसको हम ठीक करते हैं. दवा वाला बीमारी दवा से ठीक होगा, लेकिन जो आत्मा परेशान करती है, उसका इलाज हमारे पास है।
आखिर कार्तिक पूर्णिमा की रात ही क्यों जुटती है इतनी भीड़?
इसके पीछे कोनहारा घाट और सोनपुर क्षेत्र की धार्मिक मान्यताएं हैं. हाजीपुर का कोनहारा घाट गंगा-गंडक और नारायणी के संगम क्षेत्र से जुड़ी धार्मिक आस्थाओं के लिए जाना जाता है. कार्तिक पूर्णिमा पर यहां स्नान का विशेष महत्व माना जाता है. लोगों का विश्वास है कि इस दिन पवित्र नदी में डुबकी लगाने से पुण्य मिलता है।
इसी समय सोनपुर में हरिहरक्षेत्र मेले की शुरुआत होती है. यह मेला अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं के लिए जाना जाता है. दूर-दूर से लोग यहां पहुंचते हैं. इस मौके पर हाथियों को स्नान कराने की परंपरा भी दिखाई देती है. हाथी पालक अपने हाथियों को लेकर गंडक घाट पहुंचते हैं। एक तरफ नदी में स्नान करते श्रद्धालु हैं. दूसरी तरफ पूजा-पाठ और लोकपरंपराएं हैं. और इसी पूरे माहौल में भूत-खेली के अनुष्ठान भी होते हैं. यानी एक ही घाट पर आपको आस्था, परंपरा, लोकविश्वास और अंधविश्वास के अलग-अलग रूप देखने को मिलते हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved