
इंदौर। इंदौर नगर निगम के तीन पार्षदों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए ममता सुनेरे, शिवम यादव और विनिता मौर्य को हाईकोर्ट ने नोटिस जारी किया है। कोर्ट ने तीनों से पूछा है कि उनकी पार्षदी क्यों न समाप्त कर दी जाए। उन्हें 16 दिसंबर से पहले अपना जवाब पेश करना होगा।
दरअसल, तीनों पार्षदों ने वर्ष 2022 में हुए इंदौर नगर निगम चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर जीत हासिल की थी। चुनाव के बाद वे भाजपा में शामिल हो गए। इसके बाद नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट ने उनके खिलाफ दल-बदल कानून के तहत कार्रवाई की मांग की थी।
सोनिला मिमरोट ने शासन के सामने आवेदन देकर तीनों पार्षदों की सदस्यता समाप्त करने और उनके वार्डों को रिक्त घोषित करने की मांग की थी। साथ ही इन वार्डों में उपचुनाव कराने की मांग भी की गई थी। हालांकि, प्रमुख सचिव नगरीय प्रशासन विभाग ने उनका आवेदन निरस्त कर दिया था।
इस आदेश को चुनौती देते हुए सोनिला मिमरोट ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की। याचिका में कहा गया कि तीनों पार्षदों ने कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था और जनता ने कांग्रेस के चुनाव चिह्न पर वोट देकर उन्हें जिताया था। इसके बावजूद चुनाव जीतने के बाद उन्होंने पार्टी बदल ली। याचिका में इसे मतदाताओं के साथ धोखा बताते हुए तीनों का चुनाव निरस्त करने और दोबारा चुनाव कराने की मांग की गई है।
बुधवार को न्यायमूर्ति सुबोध अभ्यंकर और न्यायमूर्ति पवन कुमार द्विवेदी की युगलपीठ ने याचिकाकर्ता की ओर से पेश किए गए तर्क सुने। इसके बाद कोर्ट ने ममता सुनेरे, शिवम यादव और विनिता मौर्य को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। बता दें कि मामले की अगली सुनवाई 16 दिसंबर को होगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved