लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 (Uttar Pradesh Legislative Assembly Election 2027) के लिए समाजवादी पार्टी (SP) और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर जारी बातचीत के बीच दोनों दलों में खींचतान सामने आने लगी है। सपा की ओर से अचानक पांच सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा किए जाने से कांग्रेस ने नाराजगी जताई है। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और सांसद एवं प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने सपा के इस कदम पर सवाल उठाए हैं। वहीं, कांग्रेस ने 26 सीटें मिलने की बात को भी खारिज किया है।
सीट बंटवारे को लेकर दोनों दलों के प्रतिनिधियों के बीच दिल्ली में दो दौर की बातचीत हो चुकी है। जल्द ही तीसरे दौर की वार्ता प्रस्तावित है। इसी बीच सपा ने मंगलवार को पांच सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी। इनमें सहारनपुर की दो सीटें भी शामिल हैं। सहारनपुर से कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद सांसद हैं।
इमरान मसूद ने मीडिया से बातचीत में कहा कि गठबंधन को लेकर बातचीत के बीच प्रत्याशियों की सूची जारी करना गंभीरता की कमी दर्शाता है। एक तरफ बातचीत हो रही है और दूसरी तरफ प्रत्याशियों की घोषणा की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मामले में अपने नेतृत्व से चर्चा करेगी कि आगे बातचीत जारी रखनी भी है या नहीं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर सपा को भाजपा से लड़ना है या कांग्रेस से?
मसूद ने कहा कि सपा की ओर से 26 सीटें देने की बात कही जा रही है, जबकि कांग्रेस ने इतनी सीटों की मांग नहीं की है। उन्होंने कहा, ”हम गठबंधन के सहयोगी हैं, भिखारी नहीं। क्या हम भीख मांग रहे हैं? सीटों की घोषणा की जा रही है और हमें इसकी जानकारी मीडिया के माध्यम से मिल रही है। यह गठबंधन पर सवाल खड़े करता है।” उन्होंने कहा कि यदि सपा को प्रत्याशी घोषित ही करने हैं तो सभी 403 सीटों पर सूची जारी कर देनी चाहिए।
पांच सीटों पर समझौता नहीं करेगी सपा : इकरा हसन
सपा सांसद इकरा हसन ने कहा कि पार्टी अपने पांच मौजूदा विधायकों की सीटों पर कांग्रेस के साथ कोई समझौता नहीं करेगी। सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में उन्होंने कहा कि इन सीटों पर कांग्रेस का दावा तार्किक नहीं है। हालांकि, अन्य सीटों पर कांग्रेस के जीतने की संभावना और उसके समीकरणों को देखते हुए बातचीत की जा सकती है।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इकरा हसन को कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे पर बातचीत के लिए गठित चार सदस्यीय समिति में शामिल किया है।
मेहनती नेताओं को टिकट देने के लिए कांग्रेस से नहीं पूछेंगे : अखिलेश
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को एक कार्यक्रम में गठबंधन को लेकर कहा कि लोकसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस ने मिलकर भाजपा का मुकाबला किया था और आगे भी दोनों दल साथ चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को वही सीटें दी जाएंगी, जहां उसकी जीत की संभावना होगी।
अखिलेश ने कहा कि सपा ने जिन प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं, वे अपने क्षेत्रों में मेहनत कर रहे हैं। ऐसे नेताओं को टिकट देने के लिए कांग्रेस से पूछने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा को हराने के लिए सभी धर्मनिरपेक्ष ताकतों को एकजुट होना चाहिए और सपा इसी दिशा में काम कर रही है।
कांग्रेस को कम सीटें देने का सवाल नहीं : शिवपाल
सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने बुधवार को प्रतापगढ़ में एक निजी कार्यक्रम के दौरान कहा कि सपा और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्षों के बीच सीट बंटवारे को लेकर मंथन जारी है। कांग्रेस को कम सीटें देने का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने कहा कि गठबंधन की सभी सीटों पर जीत सुनिश्चित करने के लिए चर्चा चल रही है और जल्द ही सहमति बन जाएगी।
शिवपाल ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से हटाना दोनों दलों का मुख्य लक्ष्य है। उन्होंने बड़े गठबंधन के साथ बड़ी जीत का दावा करते हुए भाजपा पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि जनता के पैसे से तैयार बजट का इस्तेमाल विकास के बजाय बंदरबांट में किया जा रहा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved