नई दिल्ली। देश में प्रस्तावित परिसीमन (proposed delimitation) के बाद लोकसभा का चुनावी गणित पूरी तरह बदल सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक (Meeting of the Union Cabinet) में सभी राज्यों की लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। प्रस्ताव के मुताबिक, मौजूदा 543 लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाकर अधिकतम 850 तक की जा सकती है। इसमें केंद्र शासित प्रदेशों की 35 सीटें भी शामिल होंगी।
इस प्रस्ताव की सबसे अहम बात यह है कि सभी राज्यों में सीटों की समान अनुपात में वृद्धि होने से लोकसभा में राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का मौजूदा अनुपात बरकरार रखने की कोशिश की गई है। इससे दक्षिण भारतीय राज्यों की उस आशंका को दूर करने में मदद मिल सकती है, जिसमें जनसंख्या आधारित परिसीमन से उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे अधिक आबादी वाले राज्यों की सीटें तेजी से बढ़ने तथा दक्षिणी राज्यों का प्रतिनिधित्व अपेक्षाकृत कम होने की चिंता जताई जाती रही है।
परिसीमन की इस कवायद का सीधा संबंध महिला आरक्षण से भी है। प्रस्ताव लागू होने के बाद 2029 के लोकसभा और विधानसभा चुनावों में महिलाओं के लिए एक-तिहाई सीटें आरक्षित करने का रास्ता साफ हो सकता है। यदि लोकसभा की सदस्य संख्या 850 होती है तो एक-तिहाई के हिसाब से करीब 283 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो सकती हैं।
कई राजनीतिक दलों ने किया समर्थन
परिसीमन और महिला आरक्षण के प्रस्ताव को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने शुक्रवार को कहा कि वह शनिवार को होने वाली इंडिया गठबंधन की बैठक में शामिल नहीं होंगी। वहीं, पार्टी नेता जितेंद्र आव्हाड ने परिसीमन विधेयक का समर्थन करने की बात कही है।
वाईएसआर कांग्रेस ने भी विधेयक के समर्थन का संकेत दिया है। बीजू जनता दल के सांसद संतृप्त मिश्रा ने महिला आरक्षण के प्रति अपनी पार्टी का समर्थन दोहराया है।
राज्यों में इस तरह बढ़ सकती हैं सीटें
प्रस्तावित परिसीमन के तहत विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की लोकसभा सीटों में संभावित बदलाव का अनुमान इस प्रकार है:
कैसे बदलेगा लोकसभा का गणित?
परिसीमन के प्रस्ताव में सभी राज्यों की सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि की बात कही गई है, लेकिन गणितीय रूप से हर राज्य में यह वृद्धि पूर्ण संख्या में नहीं हो सकती। उदाहरण के लिए तमिलनाडु की मौजूदा 39 सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि करने पर संख्या 58.5 होगी। इसी तरह मध्य प्रदेश की 29 सीटों के बाद 43.5, पंजाब की 13 सीटों के बाद 19.5 और दिल्ली की सात सीटों के बाद 10.5 सीटें बनती हैं।
ऐसी स्थिति में सीटों की संख्या को पूर्णांक में तय करने के लिए राउंडिंग का सहारा लेना पड़ सकता है। उदाहरण के तौर पर तमिलनाडु को 59 सीटें दी जा सकती हैं। हालांकि अंतिम संख्या परिसीमन आयोग के निर्णय और विधेयक के प्रावधानों पर निर्भर करेगी।
केंद्र शासित प्रदेशों में भी इसी तरह का गणित लागू होने पर कुल लोकसभा सीटों की संख्या 824 के आसपास रह सकती है। वहीं, जिन केंद्र शासित प्रदेशों में फिलहाल एक ही लोकसभा सीट है, वहां उसे बरकरार रखा जाता है तो कुल संख्या 816 के आसपास हो सकती है। ऐसे में लोकसभा की अंतिम सदस्य संख्या इस बात पर निर्भर करेगी कि एकल सीट वाले केंद्र शासित प्रदेशों और आधी सीटों के मामले में सरकार तथा परिसीमन आयोग क्या फॉर्मूला अपनाते हैं।
फिलहाल प्रस्तावित परिसीमन को लेकर राजनीतिक और संवैधानिक स्तर पर चर्चा तेज हो गई है। संसद में विधेयक पेश होने और उसके प्रावधानों को अंतिम रूप दिए जाने के बाद ही देश के नए चुनावी नक्शे की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट होगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved