मध्य प्रदेश। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh)में नर्सिंग रजिस्ट्रेशन (Nursing Registration)की ऑनलाइन व्यवस्था (online arrangement)को लेकर ऐसा मामला सामने आया है जिसने पूरे सिस्टम की कार्यप्रणाली (system operation)पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मध्य प्रदेश नर्सिंग रजिस्ट्रेशन काउंसिल यानी MPNRC के ऑनलाइन पोर्टल पर कथित तौर पर DONKEY MPNRC नाम से आवेदन स्वीकार किया गया। हैरानी की बात यह है कि आवेदन में आवेदक का नाम ही नहीं बल्कि पिता का नाम DONKEY FATHER माता का नाम DONKEY MOTHER और जाति के कॉलम में ANIMAL दर्ज किया गया था। इसके बावजूद ऑनलाइन प्रक्रिया आगे बढ़ी और आवेदन के लिए 2050 रुपए का भुगतान भी स्वीकार कर लिया गया। इसके बाद डिजिटल नर्सिंग रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट जारी होने का दावा किया गया है।
मामला सामने आने के बाद अब भोपाल पुलिस ने इसकी जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता और NSUI के प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार ने शुक्रवार को टीटी नगर थाने पहुंचकर अपना बयान दर्ज कराया। उन्होंने पुलिस को इस पूरे मामले से जुड़े दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य भी सौंपे हैं। परमार के मुताबिक उन्होंने यह प्रक्रिया किसी व्यक्ति के नाम पर फर्जी नर्सिंग रजिस्ट्रेशन हासिल करने के उद्देश्य से नहीं की थी बल्कि ऑनलाइन पोर्टल की जांच करने के लिए DONKEY MPNRC नाम से आवेदन किया था। उनका दावा है कि सिस्टम ने ऐसी जानकारी के बावजूद आवेदन को स्वीकार कर लिया जिसे सामान्य स्तर पर ही सत्यापन के दौरान रोक दिया जाना चाहिए था।
बताया गया है कि आवेदन के दौरान पिता के नाम के स्थान पर DONKEY FATHER और माता के नाम के स्थान पर DONKEY MOTHER दर्ज किया गया था। वहीं जाति के कॉलम में ANIMAL लिखा गया था। इसके बावजूद आवेदन प्रक्रिया पूरी हुई और 2050 रुपए का ऑनलाइन भुगतान स्वीकार कर लिया गया। इसके बाद 25 सितंबर को डिजिटल नर्सिंग रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट जारी किया गया। उपलब्ध दस्तावेजों के अनुसार इस प्रमाणपत्र में आवेदन संख्या RG26103957 दर्ज है जबकि रजिस्ट्रेशन नंबर AI-74561 और DII-73911 बताए गए हैं। प्रमाणपत्र की वैधता 24 सितंबर 2031 तक होने का दावा किया गया है।
इस पूरे मामले ने इसलिए भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं क्योंकि नर्सिंग पेशा सीधे मरीजों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ा हुआ है। यदि ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन व्यवस्था में आवेदक की मूल पहचान और जरूरी दस्तावेजों का पर्याप्त सत्यापन नहीं होता है तो इसका असर व्यवस्था की विश्वसनीयता पर पड़ सकता है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि आवेदन से लेकर भुगतान और प्रमाणपत्र जारी होने तक की प्रक्रिया में मौजूद तकनीकी खामियों की जांच जरूरी है।
परमार ने बताया कि उन्होंने इस कथित खामी को सामने लाने के बाद 1 अक्टूबर को पुलिस में शिकायत की थी। शुक्रवार को नोटिस मिलने पर वह टीटी नगर थाने पहुंचे और अपना बयान दर्ज कराने के साथ संबंधित दस्तावेज पुलिस को सौंपे। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर राघवेंद्र सिंह सिकरवार के मुताबिक शिकायतकर्ता का बयान दर्ज कर लिया गया है और मध्य प्रदेश नर्सिंग रजिस्ट्रेशन काउंसिल को नोटिस जारी किया गया है। पुलिस अब पूरे मामले में उपलब्ध साक्ष्यों की जांच करेगी और यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि आवेदन और प्रमाणपत्र किस प्रक्रिया के तहत जारी हुआ।
NSUI ने भी पूरे ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन सिस्टम की तकनीकी जांच कराने की मांग की है। संगठन का कहना है कि पोर्टल की खामी केवल आवेदन तक सीमित थी या भुगतान और प्रमाणपत्र जारी होने की प्रक्रिया में भी सत्यापन की व्यवस्था कमजोर थी इसकी जांच होनी चाहिए। साथ ही काउंसिल के अधिकारियों और कर्मचारियों के अलावा पोर्टल का संचालन करने वाली तकनीकी एजेंसी की भूमिका की भी जांच की मांग की गई है। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और आने वाले समय में यह स्पष्ट होगा कि DONKEY के नाम से आवेदन और प्रमाणपत्र जारी होने के पीछे तकनीकी चूक थी या प्रशासनिक स्तर पर कोई गंभीर लापरवाही हुई।