
जयपुर । भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु (India’s star Badminton player PV Sindhu) ने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात की (Met with Rajasthan Chief Minister Bhajanlal Sharma) । इस दौरान उन्होंने राज्य में खेलों के विकास में योगदान देने और युवा खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की इच्छा जताई।
मुलाकात के बाद रविवार को सोशल मीडिया पर सिंधु ने मुख्यमंत्री को उनके आतिथ्य के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि राजस्थान उनके दिल में हमेशा एक खास जगह रखेगा, क्योंकि उनकी और उनके पति वेंकट दत्ता साई की शादी इसी राज्य में हुई थी। सिंधु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “सर, आपसे मिलकर बहुत खुशी हुई। हमारे साथ समय बिताने और हमारा इतना गर्मजोशी से स्वागत करने के लिए धन्यवाद। राजस्थान मेरे दिल में हमेशा एक खास जगह रखेगा। वेंकट दत्ता साई और मेरी शादी यहीं हुई थी, और मेरी कुछ पसंदीदा तस्वीरें किशनगढ़ के खूबसूरत सफेद संगमरमर वाले परिसर में ली गई थीं।”
उन्होंने आगे कहा, “सर, सरिस्का आने के आपके निमंत्रण को मैं खुशी-खुशी स्वीकार करती हूं। वेंकट दत्ता साई को यहां बाघों की तस्वीरें खींचना बहुत पसंद है, मुझे लगता है कि अगर मैं उन्हें अनुमति दे दूं, तो वह आज ही अपना कैमरा पैक कर लेंगे। जब हम वापस आएंगे, तो मैं चंबल नदी पर रिवर सफारी का आनंद भी लेना चाहूंगी। इस राज्य ने हमें बहुत सारी सुखद यादें दी हैं। हम खेलों के माध्यम से राज्य को कुछ वापस देना चाहेंगे। राजस्थान के युवा खिलाड़ियों के लिए और अधिक काम करने के मामले में आप हम पर भरोसा कर सकते हैं।”
मुख्यमंत्री भजनलाल ने भी सोशल मीडिया पर मुलाकात की तस्वीरें साझा कीं। उन्होंने बताया कि इस दौरान खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने, खेल सुविधाओं का विस्तार करने और युवाओं को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित करने पर चर्चा हुई। सीएम भजन लाल शर्मा ने ‘एक्स’ पर लिखा, “आज पद्म भूषण से सम्मानित और जानी-मानी भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने मुख्यमंत्री आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर राज्य में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने, खेल सुविधाओं का विस्तार करने और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने जैसे विषयों पर चर्चा हुई।”
यह मुलाकात तब हुई जब सिंधु ‘पिंक सिटी हाफ मैराथन’ में इवेंट एंबेसडर के तौर पर हिस्सा लेने के लिए जयपुर आई थीं। मुख्यमंत्री शर्मा ने 21.1 किलोमीटर की हाफ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जबकि सिंधु ने 10 किलोमीटर ‘कूल रन’ और 5 किलोमीटर ‘ड्रीम रन’ की अन्य रेस श्रेणियों को हरी झंडी दिखाई। सिंधु ने बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर फाइनल्स के लिए क्वालीफाई कर लिया है, जो 9 से 13 दिसंबर तक चीन के हांगझोऊ में आयोजित होगा। सीजन के अंत में होने वाले इस टूर्नामेंट में यह उनकी छठी उपस्थिति होगी और 2021 के बाद पहली बार है, जब वह इसमें हिस्सा लेंगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved