नांदेड़। महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले (Nanded district) में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हजारों की संख्या में अवैध धारदार हथियार बरामद किए हैं। ग्रामीण पुलिस की इस कार्रवाई को राज्य में एक दिन में हुई सबसे बड़ी हथियार जब्ती में से एक माना जा रहा है। पुलिस ने ‘ऑपरेशन क्रैकडाउन’ के तहत छापेमारी कर कुल 4,796 हथियार जब्त किए हैं, जिनकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
पूछताछ में आरोपी ने वजीराबाद स्थित गुरु रामदास नगर के एक ठिकाने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने वहां छापा मारा। हालांकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन तलाशी के दौरान पुलिस के होश उड़ गए। घर के भीतर बड़ी संख्या में तलवारें, खंजर, गुप्तियां और अन्य धारदार हथियार रखे मिले।
करीब 24 घंटे चली कार्रवाई में पुलिस ने 315 बड़ी तलवारें, 135 मध्यम आकार की तलवारें और सैकड़ों की संख्या में खंजर, कुकरी, खंडा और अन्य हथियार बरामद किए। कुल जब्त हथियारों की संख्या 4,796 बताई गई है।
अविनाश कुमार के अनुसार, इन हथियारों की अनुमानित कीमत करीब 43.48 लाख रुपये है। पुलिस का कहना है कि जब्त किए गए अधिकांश हथियारों का इस्तेमाल आपराधिक गतिविधियों में किया जा सकता था। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि धार्मिक या सजावटी उपयोग के नाम पर अवैध हथियारों की बिक्री को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस मामले का मुख्य आरोपी जसविंत सिंह प्रकाश सिंह सुखमणि बताया जा रहा है, जो फिलहाल फरार है। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतने बड़े पैमाने पर हथियार कहां से लाए गए और इन्हें किन इलाकों में सप्लाई किया जाना था।
घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से चल रहे हथियार नेटवर्क की जांच कर रही है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीमें भी गठित की गई हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved