इंदौर न्यूज़ (Indore News)

ग्वालियर से आप का आज से चुनावी आगाज

  • इंदौर से भी बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंचे ग्वालियर

इंदौर (Indore)। आम आदमी पार्टी आज ग्वालियर से अपने चुनावी प्रचार अभियान का आगाज करने जा रही है। इसके लिए सभी जिलों से कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को ग्वालियर बुलाया गया है। इंदौर से भी कल रात आप पदाधिकारियों का एक दल निकला है। सभा में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।

हालांकि यह आयोजन पिछले माह ही होना था, लेकिन ग्वालियर में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का हवाला देकर जिला प्रशासन ने आप की अनुमति निरस्त कर दी थी, जिसको लेकर आप के नेताओं ने विरोध भी किया था। बाद में 1 जुलाई की अनुमति मांगी गई थी। आज विधिवत रूप से आप प्रदेश में अपने चुनावी प्रचार का आगाज करने जा रही है। आप की प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल ने बताया कि पूरे प्रदेश के पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता वर्तमान सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लेंगे। आम लोगों को उनकी मूलभूत सुविधाएं नहीं देने वाली सरकार और कांग्रेस को लेकर लोगों के बीच आम आदमी पार्टी जाएगी।


साथ ही दिल्ली और पंजाब में चल रही लोकहित की योजनाओं की जानकारी देंगे। इसी को लेकर प्रदेश के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में जोश फूंकने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज ग्वालियर पहुंच रहे हैं। दोपहर में मेला ग्राउंड में सभा होगी। इंदौर से सभा में शामिल होने के लिए एक हजार कार्यकर्ता विभिन्न माध्यमों से ग्वालियर पहुंच रहे हैं। इनमें प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश उपाध्याय, लोकसभा प्रभारी शैली राणावत, लोकसभा सहसचिव नजमा खान, आमोद गुप्ता, दीपिका सिंह, कमलेश मालवीय, पीएल वर्मा, राकेश उपलवादिया, यूनुस खान और प्रदेश प्रवक्ता हेमंत जोशी शामिल हैं।

Share:

Next Post

50 अस्पतालों की जांच, 2 ही हुए सीलबंद

Sat Jul 1 , 2023
सीएमएचओ सहित जांच अधिकारियों की भूमिका पर सवाल, जांच रिपोर्ट ही नहीं इंदौर। इंदौर जिले में 300 से अधिक अस्पतालों के चलते अच्छा इलाज मिल जाने की चाहत रखने वाले इंदौरियों को मायूसी हासिल हो रही है। लगभग 50 से ज्यादा अस्पताल जांच के घेरे में हैं। जांच की जा रही है, लेकिन कार्रवाई ठंडे […]