बहराइच। नारी शक्ति वंदन अधिनियम (Women Empowerment Act) को लेकर चल रहे विरोध-प्रदर्शन के बीच शनिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। प्रदर्शन के दौरान विपक्षी नेताओं का पुतला फूंकते समय सदर विधायक अनुपमा जायसवाल (MLA Anupama Jaiswal) आग की चपेट में आ गईं, जिससे उनका चेहरा झुलस गया।
जानकारी के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा डीएम चौराहे पर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा था। जैसे ही पुतले में आग लगाई गई, लपटें अचानक भड़क उठीं और पास खड़ी विधायक को अपनी चपेट में ले लिया। मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने तुरंत स्थिति संभाली और उन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने डॉक्टरों से विधायक की स्थिति की जानकारी ली और उपचार की व्यवस्था का जायजा लिया।
अस्पताल में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक पहुंच गए, जिससे वहां भीड़ का माहौल बन गया। फिलहाल चिकित्सकों की निगरानी में विधायक का इलाज जारी है।
यह घटना प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा इंतजामों पर भी सवाल खड़े कर रही है, क्योंकि पुतला दहन जैसे कार्यक्रमों में अक्सर आग से जुड़े जोखिम को लेकर पर्याप्त सतर्कता जरूरी होती है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved