देश

केरल में दुर्घगघटनाग्रस्त बोइंग 737-800 विमान 13 वर्ष पुराना

पहले भी कई देशों में हो चुका है हादसे का शिकार
नई दिल्ली। देश और विदेश में भारतीय विमानों के अक्सर हादसे का शिकार होने की खबरें आती रहती हैं। कई बड़े हादसे होने के बावजूद भी सरकार और जिम्मेदार विभागों की नींद नहीं टूटती। हादसों की वजह, तकनीकी पहलू, रखरखाव और बहुत पुराने विमानों पर ध्यान न देकर महज खानापूर्ति के लिए जांच और मुआवजे तक ही सब कुछ सीमित रहता है। परिणामस्वरूप कई बड़े विमान हादसे आए दिन होते रहते हैं।
केरल में कोझिकोड एयरपोर्ट पर शुक्रवार को एयर इंडिया का विमान रनवे पर फिसल गया और खाई में गिर गया। खाई में गिरने के बाद विमान दो हिस्सों में टूट गया। वंदे भारत मिशन के तहत यह विमान दुबई से आ रहा था, जिसमें 190 लोग सवार थे। वहीं विमान हादसे में दोनों पायलट समेत अब तक 18 लोगों की जान जा चुकी है और कई लोग घायल हुए हैं। राष्ट्रपति से लेकर प्रधानमंत्री तक ने मृतकों और घायलों के प्रति अपना दुख प्रकट किया है।
जानकारी के अनुसार, एयर इंडिया में शामिल यह विमान बोइंग 737-800 VT-AXH के रूप में पंजीकृत है। यह विमान 13.7 साल पुराना है। नवंबर 2006 में यह एयर इंडिया एक्सप्रेस को दिया गया था। बता दें कि जुलाई महीने में फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (एफएए) द्वारा सभी बोइंग 737 विमान में तकनीकी खराबी का अंदेशा जताया गया था। इसके बाद डीजीसीए ने इसकी जांच के निर्देश भी दिए थे।
विशेषज्ञों के अनुसार अधिक समय तक सेवा लेने के कारण विमानों में कई प्रकार की तकनीकी समस्याएं आने लगती हैं और इस वजह से भी कई बार विमान हादसे का शिकार हो जाता है। बता दें कि 10 वर्ष पहले मई, 2010 में एयर इंडिया एक्सप्रेस द्वारा संचालित 737-800 विमान ने दुबई से उड़ान भरी थी और मंगलूरू में उतरने के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में भी विमान में सवार 158 लोगों की मौत हो गई थी।
मार्च, 2016 में फ्लाई दुबई का इसी तरह का विमान रूस में लैंडिंग के समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। उसमें सवार सभी 62 लोगों की मृत्यु हो गई थी। दो इंजन वाला बोइंग 737-800 विमान मध्यम से कम दूरी की उड़ानों के लिए उपयोग में लाया जाता है। हादसे के बावजूद दुनिया भर की एयरलाइंस इस तरह के हजारों विमानों का उपयोग कर रही हैं।
बोइंग 737 मैक्स 8 और भी अधिक खतरनाक
बोइंग 737 मैक्स 8 विमान से दो बड़े हादसे हुए हैं। जबकि यह विमान बोइंग का नया मॉडल था। बीते साल अक्तूबर में लायन एयर का बोइंग विमान जावा समुद्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। उसमें सवार सभी 189 लोगों की मौत हो गई थी। इसके बाद इथोपियन एयरलाइन का बोइंग 737 मैक्स 8 विमान भी अदीस अबाबा में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस विमान में सवार सभी 157 लोगों की मौत भी हो गई थी।

 

Share:

Next Post

केरल विमान हादसे की जांच शुरू, मलबे से निकाले गए सभी लोग

Sat Aug 8 , 2020
​नई दिल्ली ​​​​।​ ​केरल ​के कोझीकोड स्थित करीपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर​​ ​हुई दुर्घटना में दोनों पायलट समेत मरने वालों की संख्या शनिवार सुबह तक 18 हो गई है​।​ ​​​लैंडिंग करते समय​ दो टुकड़ों में बंटकर 35 फीट नीचे खाई में गिरे ​​एयर इंडिया एक्सप्रेस ​के विमान ​के मलबे से सभी लोगों​​ को बाहर निकाल​ने […]