
डेस्क: पंजाब की राजनीति में आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के अधिकारी की आत्महत्या के मामले में न्यायिक हिरासत में बंद भुल्लर ने 2027 का पंजाब विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान किया है. उन्होंने मंगलवार को सोशल मीडिया पर पट्टी विधानसभा क्षेत्र की जनता और अपने समर्थकों के नाम संदेश जारी कर यह जानकारी दी.
AAP विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर ने अपनी पोस्ट में कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि पार्टी उन्हें एक बार फिर चुनाव मैदान में उतारने पर विचार कर रही है, लेकिन उन्होंने इस बार चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है. उन्होंने पट्टी की जनता से मिले प्यार और सम्मान के लिए आभार जताया.
लालजीत सिंह भुल्लर ने अपने संदेश में लिखा, ‘पट्टी विधानसभा क्षेत्र के सभी भाई-बहनों का मैं दिल की गहराइयों से धन्यवाद करता हूं. मुझे पता चला है कि पार्टी द्वारा मुझे एक बार फिर चुनाव मैदान में उतारने पर विचार किया जा रहा है, लेकिन मैंने तय किया है कि मैं इस बार पंजाब विधानसभा चुनाव नहीं लड़ूंगा. आपके द्वारा दिए गए प्यार, मान-सम्मान और भावनाओं के आगे मैं अपना शीश झुकाता हूं और पट्टी की जनता का जीवनभर ऋणी रहूंगा.’
लालजीत सिंह भुल्लर, पंजाब सरकार में परिवहन और जेल मंत्री रह चुके हैं. मार्च 2026 में पंजाब स्टेट वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के जिला प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा की आत्महत्या के बाद उनका नाम इस मामले में सामने आया था. रंधावा की मौत 21 मार्च 2026 को हुई थी. उनके परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने भुल्लर, उनके पिता सुखदेव सिंह भुल्लर और निजी सहायक दिलबाग सिंह के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने, आपराधिक धमकी और साझा इरादे से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया था.
मामले में आरोप सामने आने के बाद भुल्लर ने 21 मार्च को मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था. पुलिस ने 23 मार्च को उन्हें गिरफ्तार किया. इसके बाद अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया. जुलाई 2026 में स्थानीय अदालत ने उनकी जमानत याचिका भी खारिज कर दी थी. भुल्लर पर लगे आरोपों की न्यायिक प्रक्रिया जारी है.
लालजीत सिंह भुल्लर, तरनतारन जिले की पट्टी विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के विधायक हैं. अब उनके 2027 का चुनाव नहीं लड़ने के ऐलान के बाद इस सीट पर पार्टी की अगली रणनीति को लेकर सवाल उठेंगे. भुल्लर ने अपने संदेश में पार्टी के दोबारा टिकट देने पर विचार किए जाने का जिक्र किया है, लेकिन चुनाव नहीं लड़ने का फैसला खुद का बताया है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved