img-fluid

AI और EV की बढ़ती मांग पर अडानी का दांव, कॉपर सेक्टर में बड़ा विस्तार

November 12, 2026

डेस्क: अडानी ग्रुप ने कॉपर यानी तांबे के कारोबार में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है. ग्रुप की कंपनी कच्छ कॉपर लिमिटेड ने चिली की सरकारी कॉपर कंपनी कोडेल्को (Codelco) के साथ एक अहम समझौता किया है. इसके तहत दोनों कंपनियां चिली के एंटोफगास्टा इलाके में स्थित काबुर्काला (Kaburkaala) कॉपर प्रोजेक्ट की खोज और विकास की संभावनाओं पर साथ काम करेंगी. इस साझेदारी का मकसद भविष्य में भारत में कॉपर की सप्लाई सुरक्षित करना है. इसका सीधा फायदा गुजरात के मुंद्रा में स्थित अडानी के कॉपर स्मेल्टर प्लांट को मिल सकता है.

अडानी ग्रुप की कंपनी कच्छ कॉपर और चिली की सरकारी कंपनी कोडेल्को के बीच इस समझौते के तहत कॉपर की नई खदान खोजने की संभावनाओं पर काम होगा. इस प्रोजेक्ट के लिए अडानी ग्रुप फंडिंग उपलब्ध कराएगा. वहीं, कोडेल्को को चिली में कॉपर खनन और भूगर्भीय संसाधनों का लंबा अनुभव है.

दोनों कंपनियां मिलकर इस प्रोजेक्ट की खोज करेंगी. अगर यहां कॉपर का पर्याप्त भंडार मिलता है और उसका खनन व्यावसायिक रूप से फायदेमंद साबित होता है, तो भविष्य में यहां से कॉपर की सप्लाई अडानी के मुंद्रा प्लांट तक हो सकती है. हालांकि, अभी यह केवल एक्सप्लोरेशन यानी खनिज भंडार की खोज का समझौता है. यहां तत्काल कॉपर उत्पादन शुरू नहीं होने जा रहा है. इसके लिए पहले भंडार की मात्रा, गुणवत्ता और खनन की लागत का आकलन करना होगा.

अडानी ग्रुप ने गुजरात के मुंद्रा में बड़े स्तर पर कॉपर स्मेल्टिंग और रिफाइनिंग प्लांट तैयार किया है. इस प्लांट की शुरुआती सालाना क्षमता 5 लाख टन है. कंपनी की योजना इसे बढ़ाकर 10 लाख टन सालाना करने की है. इस प्रोजेक्ट पर ग्रुप करीब 1.2 अरब डॉलर यानी लगभग 10 हजार करोड़ रुपये का निवेश कर चुका है. यहां कॉपर कैथोड और कॉपर रॉड के अलावा गोल्ड, सिल्वर और सल्फ्यूरिक एसिड जैसे उत्पाद भी तैयार किए जाते हैं. कंपनी का लक्ष्य मार्च 2027 तक प्लांट की क्षमता का इस्तेमाल बढ़ाकर 80 से 85 फीसदी तक पहुंचाना है. सितंबर तिमाही में प्लांट की क्षमता का इस्तेमाल करीब 64 फीसदी था. ऐसे में कंपनी को उत्पादन बढ़ाने के लिए लगातार कच्चे माल की जरूरत होगी.


  • कॉपर आज के दौर में सबसे जरूरी औद्योगिक धातुओं में शामिल है. बिजली के तार, ट्रांसफॉर्मर, इलेक्ट्रिक वाहन, सोलर पैनल, विंड एनर्जी और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में इसका बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होता है. इसके अलावा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डेटा सेंटर का कारोबार बढ़ने से भी कॉपर की मांग बढ़ रही है. इन सेंटरों में बिजली पहुंचाने, कूलिंग सिस्टम और दूसरे इलेक्ट्रिकल इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए बड़ी मात्रा में तांबे की जरूरत होती है. भारत में इंफ्रास्ट्रक्चर, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और रिन्यूएबल एनर्जी का विस्तार हो रहा है. इससे आने वाले वर्षों में कॉपर की खपत बढ़ने की संभावना है. अडानी ग्रुप इसी भविष्य की मांग को देखते हुए कॉपर कारोबार में अपनी मौजूदगी मजबूत करना चाहता है.

    भारत में कॉपर की मांग लगातार बढ़ रही है, लेकिन घरेलू खदानों से इसकी जरूरत पूरी नहीं हो पा रही है. यही वजह है कि देश को कॉपर कंसंट्रेट और दूसरे कच्चे माल के लिए विदेशों पर निर्भर रहना पड़ता है. चिली दुनिया का सबसे बड़ा कॉपर उत्पादक देश है. यहां कॉपर के बड़े भंडार मौजूद हैं. ऐसे में चिली की कंपनी के साथ साझेदारी अडानी को अंतरराष्ट्रीय कॉपर बाजार में अपनी पहुंच बढ़ाने का मौका दे सकती है. भारत में मुंद्रा के अलावा हिंडाल्को का दहेज प्लांट भी कॉपर उत्पादन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. घरेलू रिफाइनिंग क्षमता बढ़ने के बावजूद कच्चे माल की उपलब्धता एक बड़ी चुनौती बनी हुई है.

    अडानी ग्रुप की रणनीति सिर्फ कॉपर को विदेश से खरीदकर भारत में प्रोसेस करने तक सीमित नहीं दिख रही है. ग्रुप अब खदानों की खोज से लेकर स्मेल्टिंग, रिफाइनिंग और तैयार उत्पाद बनाने तक अपनी मौजूदगी बढ़ाना चाहता है. चिली की कोडेल्को के साथ समझौता इसी रणनीति का हिस्सा है. हालांकि, खदान से व्यावसायिक उत्पादन शुरू होने में कई साल लग सकते हैं. इसके लिए निवेश, सरकारी मंजूरी और तकनीकी संभावनाओं का आकलन जरूरी होगा. अगर यह प्रोजेक्ट सफल होता है तो अडानी ग्रुप को भविष्य में कॉपर के कच्चे माल की सप्लाई सुरक्षित करने में मदद मिल सकती है. इससे मुंद्रा प्लांट का उत्पादन बढ़ाने और भारत के बढ़ते कॉपर बाजार में अपनी हिस्सेदारी मजबूत करने का रास्ता खुल सकता है.

    Share:

  • आईटी प्रोफेशनल की मौत पर परिवार को ₹3.20 करोड़ का मुआवजा, बीमा कंपनी की सभी दलीलें अदालत ने खारिज कीं

    Thu Nov 12 , 2026
    इंदौर। सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले आईटी प्रोफेशनल शक्तिसिंह चौहान के परिवार को बड़ा न्याय मिला है। छठे जिला एवं सत्र न्यायालय ने उनकी पत्नी, दो छोटे बच्चों और बुजुर्ग माता-पिता के भरण-पोषण के लिए 3 करोड़ 20 लाख 60 हजार 582 रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया है। न्यायालय ने यह भी निर्देश […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved