ब्‍लॉगर

आजादी का अमृत महोत्सव और द्रौपदी मुर्मू

– नेहा बग्गा

देश में आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है। इस पर्व पर एनडीए की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के चयन से पूरे देश में खुशी का माहौल है। मध्य प्रदेश ही नहीं, जनजाति समाज ही नहीं अपितु पूरे देश को गर्व की अनुभूति हो रही है। देश के इतिहास में यह पहली बार है जब किसी पूर्व पार्षद को रायसीना की पहाड़ी पर पहुंचाने का संकल्प लिया गया है। द्रौपदी मुर्मू के चयन ने उन लोगों को चौंका दिया है, जो राष्ट्रपति पद को एक विशेष दायरे में सीमित करके देखते हैं। मगर भाजपा संसदीय दल का यह निर्णय वास्तव में जनजातियों और महिलाओं के सशक्तीकरण की दिशा में भाजपा की नीतियों का ही प्रतिबिंब है।

ओडिशा में जन्मी द्रौपदी मुर्मू ने भुवनेश्वर स्थित रमादेवी महिला कॉलेज से स्नातक की डिग्री (बीए) हासिल की। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत बतौर शिक्षक के रूप में की, फिर वह राजनीति में आ गईं। साल 1997 में पार्षद के रूप में मुर्मू ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की। इसके 3 साल बाद 2000 में पहली बार विधायक बनीं और फिर भाजपा-बीजेडी सरकार में दो बार मंत्री भी रहीं। बाद में मुर्मू झारखंड की राज्यपाल बनीं और इस प्रदेश की पहली महिला राज्यपाल भी बनीं। यही नहीं वह देश के किसी भी प्रदेश की राज्यपाल बनने वाली देश की पहली आदिवासी महिला नेता भी हैं। ओडिशा के मयूरभंज जिले से ताल्लुक रखने वाली द्रौपदी मुर्मू झारखंड की पहली महिला आदिवासी राज्यपाल बनीं और सबसे लंबे समय तक इस पद पर रहीं। झारखंड की राज्यपाल रहते हुए पक्ष और विपक्ष दोनों ही उनकी कार्यशैली के मुरीद रहे। उन्होंने ओडिशा के सर्वोत्तम विधायक को दिया जाने वाला नीलकंठ पुरस्कार भी हासिल किया है। इस पद से रिटायर होने के बाद ओडिशा के मयूरभंज जिले के रायरंगपुर में रह रही हैं।

द्रौपदी मुर्मू अपनी साफ छवि और बेबाक फैसलों के लिए जानी जाती हैं। इनकी निजी जिंदगी भले ही त्रासदियों से भरी रही हो, लेकिन देश के इस सबसे बड़े पद पर उनका नामांकन होना ये साबित करता है कि वह मुश्किल हालातों से निपटना बखूबी जानती हैं। भारतीय जनता पार्टी ने सदैव सबका साथ सबका विकास और सबके प्रयासों के साथ समाज के वंचित पीड़ित शोषित वर्गों को प्रतिनिधित्व दिलवाने के लिए अनेकों काम किए हैं और योजनाएं चलाई हैं। चाहे विधायिका और मंत्रिमंडल में महिलाओं, पिछड़ों और आदिवासियों की संख्या की बात हो, या फिर 26 जनवरी की परेड हो। भाजपा की नीतियां सरकार के निर्णयों में झलकती है। बीते वर्षों में आदिवासियों और महिलाओं के हितों में भाजपा की केंद्र और राज्य सरकारों ने जो निर्णय लिए हैं, जो काम किए हैं, वो अभूतपूर्व हैं। पार्टी के इन निर्णयों और कामों में मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार की अग्रणी भूमिका रही है। लाड़ली लक्ष्मी योजना से लेकर भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिवस को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने के निर्णय तक पूरे देश के लिए अनुकरणीय रहे हैं।

मध्य प्रदेश देश का पहला ऐसा राज्य है, जहां निकाय व स्थानीय पंचायत के चुनाव में महिलाओं की भागीदारी को सुनिश्चित करने के लिए 50 फीसद आरक्षण का प्रावधान किया गया। आज चुनाव के इस रण में 80 फीसद महिलाएं हैं। यह समाज और प्रदेश के लिए अत्यंत सौभाग्य का विषय है की गृहिणी से लेकर फाइटर जेट तक मध्य प्रदेश की बेटियां लगातार अपने पंख फैला रही हैं। मध्य प्रदेश से पिछले दिनों राज्यसभा की दोनों सीटों पर दो महिलाओं को निर्विरोध चुनकर भेजा गया है। सुमित्रा वाल्मीकि देश की पहली वाल्मीकि समाज से आने वाली सांसद बनी। पिछड़ा वर्ग की कविता पाटीदार को राज्यसभा भेजा गया। यह मध्य प्रदेश में महिला सशक्तीकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों का ही नतीजा है। आज 42 लाख लाडली लक्ष्मी मध्य प्रदेश में हैं और बेटी और बेटों का अनुपात जो पहले 1000 बेटों पर 912 था अब 970 हो गया है।

चाहे महिला सशक्तीकरण हो या जनजातीय अस्मिता के गौरव को पुनर्स्थापित करना हो इस दिशा में जितने कार्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 8 सालों में हुए हैं वो पहले कभी नहीं हुए। द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति उम्मीदवार बनाने का निर्णय प्रधानमंत्री मोदी के महिला व जनजातीय कल्याण के उसी अटूट संकल्प का प्रतिबिंब है। द्रौपदी मुर्मू ने अभी तक अपने सभी दायित्वों को बहुत अच्छे से निभाया है, चाहे वह शिक्षक का हो, संगठन का हो, जनप्रतिनिधि का या फिर राज्यपाल का। आशा की जानी चाहिए कि देश के सर्वोच्च पद पर पहुंचकर वो नए कीर्तिमान बनाएंगी।

(लेखक, मध्य प्रदेश भारतीय जनता पार्टी की प्रवक्ता हैं।)

Share:

Next Post

यह `प्लास्टिक पॉलिटिक्स' नहीं है

Tue Jul 5 , 2022
– मुकुंद देश में सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध पर सेंटर फॉर साइंस ऐंड एनवायरनमेंट के सिद्धार्थ सिंह ने प्रतिक्रिया दी है। वह इसे ‘प्लास्टिक पॉलटिक्स’ कहते हैं। उन्होंने कहा है- ‘इस प्रतिबंध में प्लास्टिक स्ट्रॉ को चुना गया है। इसकी उपयोगिता का इंडेक्स 16 माना गया है, जबकि पर्यावरण पर उसका दुष्प्रभाव का अंक […]