
इंदौर। इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में देर रात वाहनों और मकान के कांच फोड़ने का मामला सामने आया है। स्कीम नंबर 78 क्षेत्र में दो अज्ञात व्यक्तियों पर कार के आगे, पीछे और साइड के कांच तोड़ने का आरोप लगाया गया है। मामले में कार मालिक मथियास केलवा ने लसूड़िया थाने में शिकायत आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। इसके साथ ही, क्षेत्र में एक अन्य कार और मकान की खिड़की के कांच तोड़े जाने की जानकारी भी दी गई है।
दरअसल शिकायतकर्ता मथियास केलवा के अनुसार, उनकी मारुति सुजुकी स्विफ्ट डिजायर कार को दो अज्ञात व्यक्तियों ने निशाना बनाया। आरोप है कि आरोपियों ने कार के आगे, पीछे और साइड के कांच फोड़कर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया। पीड़ित ने आवेदन में बताया कि इसी दौरान क्षेत्र में खड़ी एक अन्य कार और एक मकान की खिड़की के कांच भी तोड़े गए। उन्होंने पुलिस से घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांचकर आरोपियों की पहचान करने, कानूनी कार्रवाई करने और रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मौके पर लगे सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र की सहायता से वाहनों में तोड़फोड़ करने वाले की तलाश में जुटी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved